Bokaro: उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग के प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने सोमवार को बोकारो समाहरणालय सभागार में विभिन्न विभागों के राजस्व संग्रह, जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) योजनाओं और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की. बैठक में उन्होंने अधिकारियों को राजस्व बढ़ाने, अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने और लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने के निर्देश दिए.
राजस्व बढ़ाने और अवैध गतिविधियों पर सख्ती के निर्देश
समीक्षा बैठक के दौरान आयुक्त ने वन विभाग, खनन विभाग, निबंधन विभाग, नगर निगम चास, उत्पाद विभाग, वाणिज्यकर विभाग, बाजार समिति और माप-तौल विभाग सहित कई विभागों के राजस्व संग्रह की जानकारी ली.उन्होंने खनन विभाग की कार्रवाई की समीक्षा करते हुए अवैध खनन पर सख्ती बरतने का निर्देश दिया. साथ ही बालू उठाव में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा.आयुक्त ने अंचल अधिकारियों को नियमित जांच कर कार्रवाई करने और जिला अवर निबंधक को गैर-मजरुआ भूमि के अवैध निबंधन पर रोक लगाने का निर्देश दिया.
बाहरी वाहनों के स्थानीय निबंधन पर जोर
प्रमंडलीय आयुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी को विशेष अभियान चलाकर एक माह से अधिक समय से जिले में चल रहे बाहरी राज्यों के पंजीकृत वाहनों का स्थानीय निबंधन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि राजस्व में वृद्धि हो सके.उन्होंने नगर निगम चास, माप-तौल विभाग और अन्य संबंधित विभागों को भी अभियान चलाकर राजस्व संग्रह बढ़ाने का निर्देश दिया.
लंबित राजस्व मामलों का जल्द करें निष्पादन
बैठक में आयुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारियों को अंचल अधिकारियों के कार्यों की नियमित समीक्षा करने और लंबित मामलों को समयबद्ध तरीके से निपटाने का निर्देश दिया.उन्होंने कहा कि किसी भी आवेदक को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए. अधिकारी राजस्व नियमावली का अध्ययन कर दाखिल-खारिज, परिशोधन और अन्य लंबित मामलों का जल्द निष्पादन करें.
DMFT योजनाओं की हुई समीक्षा
बैठक में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) के तहत चल रही योजनाओं की भी समीक्षा की गई.उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने बताया कि DMFT के तहत अब तक कुल 1201 परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं. इनमें से 108 योजनाओं को ड्रॉप किया गया है. वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 31 नई योजनाओं को मंजूरी मिली है, जिनमें 19 योजनाओं पर काम जारी है, 8 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं और 4 योजनाओं पर काम शुरू होना बाकी है.
SIR अभियान में तेजी लाने का निर्देश
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने जिले के प्रदर्शन पर संतोष जताया.जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने बताया कि जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में अब तक 91.59 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का वितरण और 65.37 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है.आयुक्त ने कहा कि अभियान की समय-सीमा समाप्त होने में अब केवल एक सप्ताह शेष है. ऐसे में सभी अधिकारी और कर्मी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें और निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करें.
अधिकारियों को कार्यप्रणाली सुधारने के निर्देश
बैठक के दौरान आयुक्त ने अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए. उन्होंने सरकारी लॉगिन के सावधानीपूर्वक उपयोग, बायोमेट्रिक उपस्थिति, मुख्यालय में नियमित मौजूदगी, राजस्व और भूमि अभिलेखों के सुरक्षित रख-रखाव तथा आम नागरिकों के फोन कॉल का जवाब देने को कहा.उन्होंने सूचना का अधिकार (RTI) अधिनियम के तहत प्राप्त आवेदनों और अपीलों का समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया.आयुक्त ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य आम जनता को बेहतर सेवा देना है. इसलिए सभी अधिकारी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ शिष्टाचारपूर्ण व्यवहार रखते हुए जिम्मेदारी से कार्य करें.
ALSO READ: चाईबासा: कराईकेला अस्पताल की बदहाली पर उठी आवाज, सड़क और डॉक्टर की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन
