Ranchi: रांची नगर निगम शहर के स्ट्रीट वेंडर्स को सड़क किनारे अस्थायी कारोबार से निकालकर आधुनिक और व्यवस्थित वेंडिंग जोन में बसाने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है. इसी कड़ी में मंगलवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने मोराबादी, टैगोर हिल और पंडरा क्षेत्र में प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन वेंडिंग जोन का निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य तय समय पर पूरा करने और गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए. नगर आयुक्त ने कहा कि निगम का उद्देश्य सिर्फ वेंडर्स को जगह देना नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित, सम्मानजनक और सुविधायुक्त कार्यस्थल उपलब्ध कराना है. साथ ही ऐसे वेंडिंग जोन विकसित किए जाएंगे जो शहर की नई पहचान बनें.

मोराबादी में 3.26 करोड़ से बन रहा आधुनिक वेंडिंग जोन
निरीक्षण की शुरुआत मोराबादी रजिस्ट्री ऑफिस के सामने निर्माणाधीन वेंडिंग जोन से हुई. करीब 3.26 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस प्रोजेक्ट में 205 स्ट्रीट वेंडर्स के लिए स्थायी दुकानें बनाई जा रही हैं. यह वेंडिंग जोन सिर्फ बाजार नहीं होगा, बल्कि आधुनिक सुविधाओं से लैस सार्वजनिक परिसर के रूप में विकसित किया जाएगा. यहां पेयजल, आधुनिक शौचालय, चौड़े पाथवे, बेहतर ड्रेनेज सिस्टम, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, बिजली व्यवस्था, गार्ड रूम और आकर्षक लैंडस्केपिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी.नगर आयुक्त ने करीब एक एकड़ क्षेत्र को समग्र योजना के तहत विकसित करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह वेंडिंग जोन भविष्य में शहर का मॉडल प्रोजेक्ट बने.
आसपास की सरकारी जमीन का भी होगा विकास
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने आसपास उपलब्ध सरकारी भूमि को भी परियोजना में शामिल कर पूरे क्षेत्र के विकास की योजना तैयार करने का निर्देश दिया. उन्होंने अधिकारियों से आकर्षक पाथवे, कलवर्ट, बाउंड्री वॉल, पार्किंग, हरित क्षेत्र और अन्य नागरिक सुविधाएं विकसित करने को कहा.इसके बाद उन्होंने मान्या पैलेस से टीआरआई तक पैदल निरीक्षण किया और पूरे मार्ग पर आधुनिक पाथवे बनाने के निर्देश दिए. साथ ही होटल पार्क प्राइम से टीआरआई तक हाल ही में अतिक्रमण मुक्त कराई गई सरकारी जमीन के सुनियोजित विकास की विस्तृत योजना तैयार करने को कहा.
टैगोर हिल के पास 250 वेंडर्स का पुनर्वास
नगर आयुक्त ने टैगोर हिल के समीप बनाए गए अस्थायी वेंडिंग स्थल का भी जायजा लिया. मोराबादी मैदान से हटाए गए करीब 250 स्ट्रीट वेंडर्स को यहां लगभग 45 डिसमिल सरकारी जमीन पर पुनर्वासित किया गया है. उन्होंने अधिकारियों को परिसर की नियमित सफाई, हाई-मास्ट और स्ट्रीट लाइट लगाने, पेयजल सहित मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, शेष अतिक्रमण हटाने और आसपास हरित क्षेत्र विकसित करने के निर्देश दिए.
पंडरा में भी बनेगा नया वेंडिंग जोन
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त पंडरा पुल के सामने स्थित खाली सरकारी जमीन भी पहुंचे. यहां ओटीसी मैदान से फ्रेंड्स कॉलोनी तक सड़क किनारे कारोबार कर रहे बड़ी संख्या में स्ट्रीट वेंडर्स के लिए आधुनिक वेंडिंग जोन विकसित करने की योजना है. उन्होंने अभियंत्रण शाखा को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) जल्द तैयार कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने का निर्देश दिया. इस परियोजना के पूरा होने से वेंडर्स को स्थायी स्थान मिलेगा, सड़क और फुटपाथ अतिक्रमण मुक्त होंगे तथा यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी.
“वेंडर्स का सम्मान और शहर की व्यवस्था, दोनों हमारी प्राथमिकता”
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि रांची नगर निगम चरणबद्ध तरीके से सभी पात्र स्ट्रीट वेंडर्स को स्थायी वेंडिंग जोन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि स्ट्रीट वेंडर्स शहर की अर्थव्यवस्था का अहम हिस्सा हैं, इसलिए उनके सम्मानजनक पुनर्वास के साथ-साथ शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाना भी निगम की प्राथमिकता है.
