Chaibasa/Bandgaon: कराईकेला क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग को लेकर भाजपा के जिला महामंत्री तीरथ जामुदा ने सोमवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) भीषम कुमार को मांग पत्र सौंपा. उन्होंने कराईकेला मुख्य मार्ग से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) तक सड़क निर्माण, नियमित डॉक्टर की नियुक्ति और अस्पताल में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की.
50 हजार से अधिक आबादी स्वास्थ्य केंद्र पर निर्भर
मांग पत्र में तीरथ जामुदा ने कहा कि कराईकेला और आसपास की छह पंचायतों की 50 हजार से अधिक आबादी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर निर्भर है. लेकिन अस्पताल में नियमित डॉक्टर की उपलब्धता नहीं होने के कारण मरीजों को इलाज के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता है.
मरीजों को जाना पड़ता है चक्रधरपुर
उन्होंने कहा कि मौसमी बीमारियों और आपात स्थिति में लोगों को मजबूरी में अनुमंडल अस्पताल चक्रधरपुर जाना पड़ता है. उन्होंने मांग की कि अस्पताल में 24 घंटे डॉक्टर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, पर्याप्त दवाओं का स्टॉक रखा जाए और स्वास्थ्य कर्मियों की कमी को दूर किया जाए.
अस्पताल तक जर्जर सड़क से बढ़ी परेशानी
भाजपा नेता ने कराईकेला मुख्य मार्ग से अस्पताल तक जर्जर सड़क का निर्माण कराने की भी मांग की. उन्होंने कहा कि खराब सड़क के कारण मरीजों और ग्रामीणों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है.
बीडीओ ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
बीडीओ भीषम कुमार ने मांग पत्र प्राप्त कर समस्याओं को गंभीरता से सुना. उन्होंने कराईकेला मुख्य मार्ग से अस्पताल तक सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने का आश्वासन दिया. साथ ही डॉक्टर की नियुक्ति, दवाओं की उपलब्धता और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर उपायुक्त से वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही.उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है.
ALSO READ: बोकारो: महिला के गले से मंगलसूत्र छीनने वाला आरोपी गिरफ्तार
