Hazaribagh: DC हेमन्त सती की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में मंगलवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 के तहत मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा के लिए जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई. बैठक में चारों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता गणना प्रपत्रों के वितरण और डिजिटाइजेशन की अद्यतन स्थिति साझा की गई.
22 जुलाई को मतदान केंद्रों पर होगी बैठक और निर्वाचन पाठशाला
DC ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 22 जुलाई 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर BLO और BLA-2 की तृतीय बैठक तथा निर्वाचन पाठशाला का आयोजन किया जाएगा. इस दौरान प्रारूप मतदाता सूची और ASDDF सूची का सत्यापन कर उसे अंतिम रूप देने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
ASDD सूची के सत्यापन पर विशेष जो
DC हेमन्त सती ने सभी राजनीतिक दलों से अपने-अपने BLA-2 को बैठक में अनिवार्य रूप से शामिल करने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि ASDD सूची में डुप्लीकेट, मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित, अनुपलब्ध तथा गणना प्रपत्र पर हस्ताक्षर से इनकार करने वाले मतदाताओं से संबंधित प्रविष्टियों का गंभीरता से सत्यापन किया जाए. इससे यह सुनिश्चित होगा कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से बाहर न रहे और अपात्र व्यक्तियों के नाम समय रहते चिन्हित किए जा सकें.
18 वर्ष पूरी करने वाले युवाओं का नाम जोड़ने पर रहेगा फोकस
बैठक में निर्णय लिया गया कि मतदान केंद्र स्तर पर आयोजित बैठक में 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. साथ ही दावे और आपत्तियों के समयबद्ध निष्पादन को भी प्राथमिकता दी जाएगी.
सभी हितधारकों से सहयोग की अपील
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने राजनीतिक दलों, सामाजिक कार्यकर्ताओं अन्य संबंधित हितधारकों से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना तथा सभी पात्र नागरिकों का नाम उसमें शामिल कराना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है.
