News Desk: पहाड़ी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने का असर दूसरे दिन भी राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है. रविवार सुबह से ही दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली.

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आज के लिए बारिश और तेज हवाओं को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार दिनभर आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है.
इससे पहले शनिवार को भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी. मौसम विभाग का कहना है कि बारिश और हवाओं की वजह से तापमान में और कमी आ सकती है, जिससे गर्मी का असर कुछ कम महसूस होगा.
राजधानी का बदला मौसम, न्यूनतम तापमान 16.6°C दर्ज
राजधानी में दिन के दौरान आसमान में हल्के बादल छाए रहे और बीच-बीच में हवाएं भी चलती रहीं, जिससे मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहा. इस दौरान न्यूनतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यह सामान्य से करीब तीन डिग्री अधिक रहा, हालांकि पिछले दिन के मुकाबले तापमान में लगभग 2.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई.
राजधानी में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. पालम और लोधी रोड स्थित मौसम केंद्रों पर न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.यह तापमान एक दिन पहले दोनों जगहों पर दर्ज किए गए आंकड़ों के मुकाबले थोड़ा कम रहा.
वहीं अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 4.3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है. हालांकि यह एक दिन पहले के मुकाबले लगभग 0.6 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया.
दिल्ली-एनसीआर में अगले दो दिन बारिश के आसार
उत्तर भारत के मौसम में एक बार फिर बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी हिमालय की तरफ बढ़ रहे पश्चिमी विक्षोभ के चलते पंजाब और हरियाणा से लगे मध्य पाकिस्तान के इलाके में चक्रवाती हलचल बनी है. इसी कारण आसपास के राज्यों के मौसम पर इसका असर पड़ने लगा है.
मौसम विभाग का कहना है कि इस सिस्टम के प्रभाव से पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में अगले दो दिनों के दौरान बारिश होने की संभावना है. राजधानी दिल्ली में भी इस बदलाव का असर देखने को मिल सकता है.
पूर्वानुमान के मुताबिक 15 से 18 मार्च के बीच कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. वहीं अगले कुछ दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने के आसार हैं, जिससे मौसम थोड़ा ठंडा और सुहावना रह सकता है.
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को सुबह, दोपहर और शाम के समय हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. इस दौरान गरज के साथ बिजली चमकने और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है.मौसम विभाग का कहना है कि इन बदलावों के कारण तापमान में और गिरावट आ सकती है.
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार तक दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम तापमान 14–16°C और अधिकतम 31–33°C के आसपास रहने का अनुमान है.
दिल्ली की हवा लगातार दूसरे दिन मध्यम दर्जे की
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को दिल्ली की हवा लगातार दूसरे दिन मध्यम दर्जे की रही. औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 153 रहा, जबकि शुक्रवार को यह 189 था.
AQI Forecast का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक दिल्ली की हवा मध्यम स्तर की ही रहने की संभावना है.

