Ranchi: झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने मंगलवार को खूंटी जिले के दौरे के दौरान तोरपा, खूंटी और तमाड़ क्षेत्र के जनजातीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की. निर्वाचन पदाधिकारी को जानकारी मिली थी, कि इन इलाकों में कुछ लोग इन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जमा नहीं कर रहे हैं. इसके बाद उन्होंने खुद लोगों से मिलकर उन्हें फॉर्म भरने और अपने BLO को जमा करने के लिए प्रेरित किया.
मतदान करना हर पात्र भारतीय नागरिक का संवैधानिक अधिकार
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदान करना हर पात्र भारतीय नागरिक का संवैधानिक अधिकार है, इसलिए सभी योग्य लोगों को मतदाता सूची में अपना नाम जरूर दर्ज कराना चाहिए. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज होना लोकतंत्र में भागीदारी की पहली और सबसे महत्वपूर्ण शर्त है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वृद्ध, बीमार, दिव्यांग, आदिम जनजाति (PVTG), अन्य जनजातीय समुदायों और सभी पात्र नागरिकों को इन्यूमरेशन फॉर्म भरने में हरसंभव सहायता दी जाए, ताकि कोई भी योग्य व्यक्ति मतदाता सूची से वंचित न रह जाए.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने की लोगों से इन्यूमरेशन फॉर्म भरने की अपील
के. रवि कुमार ने लोगों से अपील की, कि वे समय पर अपना इन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जमा करें, ताकि 5 अगस्त 2026 को प्रकाशित होने वाली मतदाता सूची के प्रारूप में उनका नाम शामिल हो सके. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से ही नागरिक अपने मतदान के अधिकार का उपयोग कर सकते हैं. साथ ही उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों, चुनाव अधिकारियों, BLO, स्वयंसेवकों और अन्य संबंधित लोगों से भी अपील की, कि वे हर पात्र नागरिक को मतदाता सूची से जोड़ने में सहयोग करें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इस प्रक्रिया में शामिल होने के लिए प्रेरित करें.
यह भी पढ़ें: सरायकेला: कुकड़ू पंचायत भवन में लाइसेंस कैंप, 108 को मिली सफलता
