Koderma: पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर एवं धनबाद रेल मंडल के अधिकारियों की एक टीम सोमवार को कोडरमा स्टेशन पहुंची, जहां स्टेशन सुधार समूह (SIG) की टीम ने यात्रियों की सुविधाओं का जायजा लिया. इस दौरान विभिन्न विभागों के स्थानीय अधिकारियों के साथ गेस्ट हाउस में बैठक कर स्थिति की जानकारी ली गई.
बैठक में मुख्य वाणिज्य प्रबंधक यात्री सुविधा दिलीप कुमार, अधिकारी सीईईएनएचएम जनार्दन प्रसाद, मुख्य विद्युत अधिकारी सामान्य आनंद स्वरूप पांडेय, सीएसटीई टेली राजेश कुशवाहा, सीईटीएसपी मो. हसन और धनबाद रेल मंडल के वरीय वाणिज्य प्रबंधक मनीष सौरव ने स्टेशन प्रबंधक व विभिन्न अधिकारियों से समस्याओं की जानकारी ली. इस दौरान बताया गया कि कोडरमा स्टेशन पर प्रतिदिन लगभग 6500 टिकट रिजर्वेशन, जनरल टिकट एवं मोबाइल के जरिए बिकते हैं.
सातों प्लेटफॉर्म पर जल्द लगेंगे कोच इंडिकेशन बोर्ड
अधिकारियों ने स्टेशन परिसर में CCTV कैमरों के बारे में जानकारी ली. बताया गया कि वर्तमान में 37 कैमरे कार्य कर रहे हैं. अधिकारियों ने स्टेशन के सातों प्लेटफॉर्म पर कोच इंडिकेशन बोर्ड जल्द से जल्द लगाने की बात कही. साथ ही पेयजल, लिफ्ट, सफाई सहित कई अन्य मुद्दों की समीक्षा करते हुए कहा कि स्टेशन की SIG टीम आपसी समन्वय बनाकर कार्य करे, ताकि यात्रियों को समस्याओं से निजात मिल सके.
रविवार को भी चलेगी कोडरमा-मधुपुर पैसेंजर ट्रेन
पत्रकारों के पूछे जाने पर मुख्य वाणिज्य प्रबंधक दिलीप कुमार ने कहा कि कोडरमा से मधुपुर तक सप्ताह में छह दिन चलने वाली पैसेंजर ट्रेन को रविवार को भी चलाया जाएगा. इसके लिए उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया है. 29 जुलाई से इसका लाभ श्रावण माह में देवघर जाने वाले यात्रियों एवं श्रद्धालुओं को मिल सकेगा.
इसके बाद अधिकारियों ने नए स्टेशन बिल्डिंग, प्लेटफॉर्म और पूछताछ कार्यालय का भी जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. इस अवसर पर धनबाद के उप मुख्य परियोजना पदाधिकारी (गति शक्ति) मनीष कुमार, वरीय मुख्य अभियंता-2 आशीष कुमार, गझंडी के एईएन उमाशंकर प्रजापति, कोडरमा स्टेशन प्रबंधक विकास कुमार, संतोष कुमार, शंभू शंकर, सीटीआई दीपक कुमार, आईओडब्ल्यू राजेश कुमार, वरीय मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित कुमार झा तथा आरपीएफ के अधिकारी और जवान उपस्थित थे.
ALSO READ: रिजर्व पुलिस बल का थानों और 112 पेट्रोलिंग में हो इस्तेमाल: प्रीतम भाटिया
