Chatra: जिले में अवैध बालू खनन और तस्करी के खिलाफ जिला प्रशासन और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. जिले के टंडवा और पिपरवार क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान भारी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित बालू जब्त किया गया. प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया है. लगातार मिल रही शिकायतों के बाद टंडवा अंचल प्रशासन और पिपरवार थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया. टंडवा अंचलाधिकारी (CO) गौरव कुमार के नेतृत्व में हुई छापेमारी के दौरान विभिन्न स्थानों से करीब 100 ट्रैक्टर अवैध बालू जब्त किया गया.
नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
इस कार्रवाई में पिपरवार थाना प्रभारी प्रशांत मिश्रा और पुलिस बल की भी अहम भूमिका रही. छापेमारी की सूचना मिलते ही अवैध रूप से बालू का भंडारण करने वाले लोग मौके से फरार हो गए. पुलिस ने जब्त बालू को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकार के निर्देशानुसार अवैध खनन और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही बालू घाटों और संभावित भंडारण स्थलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.
