Ranchi : जिले के बुंडू प्रखंड के बूथ संख्या-069, GPS प्रखंड कॉलोनी, बुंडू में BLO और BLA-2 की तृतीय बैठक तथा चुनाव पाठशाला की तृतीय बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई. बैठक में मतदाता सूची से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई. साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देशों पर भी विचार-विमर्श किया गया.
मतदाता सूची अद्यतन और मतदान जागरूकता को लेकर हुई बैठक
बैठक के दौरान मतदाता सूची के अद्यतन, मतदाताओं से संबंधित आवश्यक जानकारी और निर्वाचन प्रक्रिया में आम मतदाताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की गई. चुनाव पाठशाला के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के महत्व, निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता के अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया गया. उपस्थित सदस्यों ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र मतदाता को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक होना आवश्यक है.
निर्वाचन प्रक्रिया को बेहतर बनाने की बनी रणनीति
इस अवसर पर BLO सुश्री अपूर्वा बनर्जी, वॉलिंटियर रविन्द्र कालिंदी तथा BLA-2 मुकेश मुंडा सहित अन्य संबंधित सदस्य उपस्थित रहे. बैठक में सभी सदस्यों ने अपने-अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने और निर्वाचन से संबंधित कार्यों को बेहतर समन्वय के साथ पूरा करने की प्रतिबद्धता जताई. बैठक के दौरान मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने और निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के लिए सामूहिक रूप से सक्रिय भूमिका निभाने पर बल दिया गया.
