Ranchi: झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह से मेहरबान है. राज्य के ऊपर बने एक मजबूत चक्रवाती हवा के घेरे और मानसून टर्फ के असर से पिछले 24 घंटों के दौरान लगभग सभी स्थानों पर गरज के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश का यह सिलसिला जारी रहेगा. बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर सदर में दर्ज की गई, जहां मूसलाधार 167.8 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई. राज्य में सबसे ज्यादा उच्चतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस सरायकेला में दर्ज किया गया.सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस लातेहार में दर्ज किया गया.
क्या है मानसून की वर्तमान स्थिति
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर मध्य मध्य प्रदेश के ऊपर एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जो समुद्र तल से 7.6 किलोमीटर ऊपर तक फैला है. इसके साथ ही, मानसून की ट्रफ लाइन बीकानेर, गुना, दमोह, पेंड्रा रोड और मिदनापुर से होते हुए पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी तक गुजर रही है. इन मौसमी गतिविधियों के कारण झारखंड में नमी भरपूर मात्रा में आ रही है, जिससे बादलों का डेरा और बारिश की गतिविधियां मजबूत हुई हैं.
22 से 28 जुलाई तक कैसा रहेगा मौसम का हाल
• 22 जुलाई: आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे. राज्य के अनेक स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश और मेघ गर्जन की संभावना है. दक्षिणी तथा निकटवर्ती मध्य भागों (रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो और धनबाद) में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है.
• 23 जुलाई: राज्य के मध्य और निकटवर्ती उत्तर-पश्चिमी (लातेहार) भागों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है. साथ ही वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
• 24 जुलाई: उत्तर-पूर्वी भागों और कोडरमा को छोड़कर राज्य के बाकी सभी हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है.
• 25 से 26 जुलाई: राज्य के मध्य, उत्तर-पश्चिमी (लातेहार, चतरा) और निकटवर्ती उत्तर-पूर्वी (देवघर) भागों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
• 27 से 28 जुलाई: राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने और कई स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा का दौर जारी रहेगा.
रांची और आसपास के इलाकों में कैसा रहेगा मौसम
राजधानी रांची और उसके आसपास के क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक लगातार बादल छाए रहने और दो या उससे अधिक बार हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है. तापमान की बात करें तो रांची में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच बने रहने का अनुमान है, जिससे मौसम काफी सुहाना और राहत भरा रहेगा. मौसम विभाग ने आम जनता से अपील की है कि मेघ गर्जन और वज्रपात के समय पेड़ों के नीचे या खुले स्थानों पर खड़े होने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें.
ALSO READ: अब NEET पेपर लीक मामले पर 23 को BJP दफ्तर घेरेगा प्रदेश कांग्रेस, आर-पार के मूड में कांग्रेस भी
