Ranchi: राजधानी के सदर थाना क्षेत्र में हुए जमीन कारोबारी रमेश ठाकुर हत्याकांड का रांची पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. पुलिस जांच में सामने आया है कि रमेश ठाकुर की हत्या किसी बाहरी अपराधी ने नहीं, बल्कि उनके ही दोस्तों ने मिलकर की थी. पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. फिलहाल सभी से पूछताछ की जा रही है.
बीते दिन सदर थाना क्षेत्र स्थित रमेश ठाकुर के घर से उनका खून से लथपथ शव बरामद हुआ था. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के चार दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में तीन आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया. उनकी निशानदेही पर पुलिस को हत्याकांड से जुड़े कई अहम सुराग और सबूत भी मिले हैं.
सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया…
प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आपसी विवाद और लेन-देन का मामला सामने आ रहा है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच और पूछताछ कर रही है. इस मामले को लेकर सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि पुलिस कई लोगों से पूछताछ कर रही है. पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि मामले का जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत खुलासा किया जाएगा.
