हजारीबाग: सपनों की सड़क पर लापरवाही का ‘गड्ढा, L&T कंपनी की सुस्ती से हादसे की आशंका

Hazaribagh: शहर के छड़वा से लेकर इंद्रपुरी चौक तक जाने वाला मुख्य पथ इन दिनों आम राहगीरों और स्थानीय निवासियों के लिए...

L&T कंपनी की सुस्ती से हादसे की आशंका

Hazaribagh: शहर के छड़वा से लेकर इंद्रपुरी चौक तक जाने वाला मुख्य पथ इन दिनों आम राहगीरों और स्थानीय निवासियों के लिए हादसों का मार्ग बन चुका है. पेयजल आपूर्ति योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदे गए गड्ढे और कार्य पूरा होने के बाद सड़क को ज्यों-त्यों मिट्टी से भरकर छोड़ देने की प्रवृति ने स्थानीय लोगों का जीना मुहाल कर दिया है. मानसून का मौसम शुरू होते ही इस सड़क की दुर्दशा और भयावह रूप लेने वाली है. गनीमत बस इतनी है कि इस घोर प्रशासनिक और ठेकेदारी की लापरवाही के बावजूद अब तक कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ है, लेकिन राहगीर हर पल खतरे के साए में सफर करने को मजबूर हैं.

पेलावल भूली चौक पर ‘इंजीनियरिंग का अनोखा अजूबा’

इस पूरी योजना में कार्य करा रही एलएंडटी कंपनी की कार्यशैली पर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं. पेलावल भूली चौक पर एयर रिलीज वॉल्व इंस्टाल करने के लिए करीब 6 से 7 महीने पहले एक बड़ा गड्ढा खोदा गया था. गड्ढा खोदने के महीनों बाद, लगभग दो माह पूर्व वॉल्व तो लगा दिया गया, लेकिन असली ड्रामा इसके बाद शुरू हुआ. इस खुले चैंबर को ढकने के लिए नवनिर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र की बाउंड्री वॉल से सटाकर लगभग 12 इंच मोटे और भारी-भरकम तीन सीमेंटेड स्लैब ढाले गए.

हुक उखड़ा, स्लैब टस से मस न हुआ: जेसीबी भी हुई फेल

स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब एक महीने पहले जेसीबी मशीन लगाकर इन भारी स्लैबों को उठाकर चैंबर पर ढंकने की कोशिश की गई. लेकिन निर्माण में बरती गई घटिया कलाकारी का पोल तब खुला जब स्लैब उठाने के दौरान उसमें लगे पतले-पतले लोहे के हुक एक झटके में उखड़ गए और भारी स्लैब अपनी जगह से हिला तक नहीं. इतने भारी-भरकम स्लैब के लिए पतली छड़ों का हुक बनाना और उन्हें ढालने के लिए उप स्वास्थ्य केंद्र की दीवार से सटा देना किस ‘महान इंजीनियर’ का दिमाग था, यह समझ से परे है. नतीजतन, कई हफ्ते बीत जाने के बाद भी वे भारी स्लैब वहीं पड़े हैं और चैंबर खुला का खुला ही रह गया है.

प्रशासन तुरंत ले संज्ञान, पहले जैसी बनाई जाए सड़क

लापरवाही का यह आलम बताता है कि काम करा रही एलएंडटी कंपनी को आम जनता की सुरक्षा और सुविधा से कोई लेना-देना नहीं है. चैंबर खुला होने के कारण कभी भी कोई अनियंत्रित वाहन, बाइक सवार या पैदल यात्री इसमें गिरकर गंभीर हादसे का शिकार हो सकता है. स्थानीय निवासियों ने हजारीबाग जिला प्रशासन से मांग की है कि वह अविलंब एलएंडटी कंपनी के अधिकारियों को तलब करे. पेलावल भूली चौक के खुले चैंबर को सुरक्षित तरीके से ढंकवाया जाए और छड़वा से इंद्रपुरी चौक तक खोदी गई सड़क की मरम्मत कराकर उसे पहले की तरह सुगम बनाया जाए, ताकि किसी बड़ी अनहोनी को होने से रोका जा सके.

ALSO READ : 24 जुलाई को कराईकेला स्वास्थ्य केंद्र में लगेगा रक्तदान शिविर-BDO

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *