Lohardaga: लोकसभा क्षेत्र के लिए राज्य सरकार ने बड़ी सौगात देते हुए तीन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के चौड़ीकरण, मजबूतीकरण एवं पुनर्निर्माण के लिए कुल 242 करोड़ 30 लाख 70 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है. इन परियोजनाओं के पूरा होने से लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के गुमला एवं मांडर विधानसभा क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को बेहतर सड़क संपर्क का लाभ मिलेगा. सांसद सुखदेव भगत ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है. सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि लंबे समय से इन सड़कों के उन्नयन की मांग की जा रही थी. राज्य सरकार द्वारा स्वीकृति मिलने से ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी. उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास की आधारशिला होती हैं और इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र के लोगों का आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम और सुरक्षित होगा.
परियोजना के अंतर्गत सड़क विकास और वृक्षारोपण का किया जाएगा कार्य
स्वीकृत पहली परियोजना गुमला जिले के घाघरा से जोकारी होते हुए रनहे, कुण्डो, रूकीघाटी (बिशुनपुर) पथ की है. इस सड़क की कुल लंबाई 19.100 किलोमीटर है, जिस पर 101 करोड़ 77 लाख 37 हजार 700 रुपये खर्च किए जाएंगे. परियोजना के अंतर्गत सड़क का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण, नए पुलों का निर्माण, भूमि अधिग्रहण (भू-अर्जन), पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (R&R) तथा यूटिलिटी शिफ्टिंग जैसे कार्य किए जाएंगे. दूसरी परियोजना मांडर विधानसभा क्षेत्र के टांगरबसली मोड़ से बोबरो मोड़, माया परयागो, बिसहाखटंगा होते हुए डुमरी पथ से संबंधित है. इस सड़क की लंबाई 11.576 किलोमीटर है और इसके निर्माण पर 63 करोड़ 77 लाख 13 हजार 300 रुपये की लागत आएगी. इस योजना के तहत सड़क का चौड़ीकरण, मजबूतीकरण, पुनर्निर्माण, भूमि अधिग्रहण, यूटिलिटी शिफ्टिंग, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (R&R) तथा वृक्षारोपण का कार्य किया जाएगा.
अच्छी सड़कें निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने में भी निभाती हैं महत्वपूर्ण भूमिका
तीसरी परियोजना गुमला जिले के परवल आरसीडी पथ से करंज पथ होते हुए पहाड़बंगरू, चीतागुटू, कानारोआ, बैरीटोली और नया करंज थाना तक की सड़क के लिए स्वीकृत की गई है. इस सड़क की कुल लंबाई 14.251 किलोमीटर होगी, जिस पर 76 करोड़ 75 लाख 18 हजार 900 रुपये खर्च किए जाएंगे. इस परियोजना में सड़क का चौड़ीकरण, मजबूतीकरण, पुनर्निर्माण, भूमि अधिग्रहण, वृक्षारोपण, यूटिलिटी शिफ्टिंग तथा पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन के कार्य शामिल हैं. सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि इन तीनों सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र के हजारों किसानों को अपनी कृषि उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी. साथ ही विद्यार्थियों को विद्यालय और महाविद्यालय तक आवागमन में आसानी होगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच भी बेहतर होगी. उन्होंने कहा कि अच्छी सड़कें निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं.
विकास कार्यों को प्राथमिकता दिलाने का प्रयास रहेगा जारी
उन्होंने झारखंड सरकार एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार लगातार ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रही है. सांसद ने बताया कि इससे पहले भी पीएम जनमन योजना के अंतर्गत गुमला और लोहरदगा जिले के पहाड़ी एवं दूरस्थ क्षेत्रों की दर्जनों सड़कों को स्वीकृति दिलाई गई है, जिससे आदिवासी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति मिली है. सांसद ने विश्वास जताया कि इन नई सड़क परियोजनाओं के समयबद्ध निर्माण से लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र में आवागमन की स्थिति में व्यापक सुधार होगा और क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी. उन्होंने कहा कि जनता की सुविधाओं और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए भविष्य में भी इसी प्रकार विकास कार्यों को प्राथमिकता दिलाने का प्रयास जारी रहेगा.
ALSO READ : कांग्रेस प्रवक्ता का भाजपा पर गंभीर आरोप, कहा- प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं पर किया गया हमला
