Bermo: पश्चिम बंगाल कैडर के 1995 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी तथा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के निवासी राजेश पांडेय ने गुरुवार को दामोदर घाटी निगम (DVC) के 51वें चेयरमैन के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया. कोलकाता स्थित DVC मुख्यालय पहुंचने पर सदस्य सचिव एसएस दास तथा सदस्य तकनीकी (मेम्बर टेक्निकल) एसके पांडा सहित अन्य अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया, जिसके बाद सुरक्षा बल के जवानों द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया.

पदभार संभालते ही वरीय अधिकारियों के साथ की उच्चस्तरीय बैठक
पदभार संभालने के तुरंत बाद नव नियुक्त चेयरमैन ने DVC मुख्यालय के तमाम वरीय अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की और संस्थान की भावी कार्ययोजनाओं की समीक्षा की. उल्लेखनीय है कि DVC के चेयरमैन पद पर आसीन होने से पूर्व राजेश पांडेय पश्चिम बंगाल सरकार के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (MSME) तथा वस्त्र विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव तथा पश्चिम बंगाल औद्योगिक विकास निगम के प्रबंध निदेशक के रूप में भी कार्य कर चुके हैं.
उनके लंबे प्रशासनिक अनुभव, कुशल मार्गदर्शन और नेतृत्व में DVC अब राष्ट्र सेवा में प्रगति, नवाचार और उत्कृष्ट प्रदर्शन के एक नए युग की ओर अग्रसर होने के लिए पूरी तरह तत्पर है.
ALSO READ: रांची: 25 नहीं अब काउंसिल में होगी 32 सीटें, जानिये बार काउंसिल ऑफ़ इंडिया का नोटिफिकेशन
