रांची: आने वाले ईद, सरहुल और रामनवमी पर्व को शांति और भाईचारे के साथ मनाने के लिए रांची में केंद्रीय शांति समिति की बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने की. इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन और प्रशासन के कई अधिकारी भी मौजूद थे. बैठक में विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए.

पुलिस बल रहेंगे तैनात
बैठक में त्योहारों के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई, बिजली-पानी और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई. शांति समिति के सदस्यों ने कहा कि प्रमुख जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, ड्रोन से निगरानी हो और पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए. साथ ही महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाने की बात कही गई.
सोशल मीडिया पर कोई अफवाह या गलत जानकारी न फैलाएं
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि रांची में सभी त्योहार हमेशा शांति और भाईचारे के साथ मनाए जाते हैं. इस बार भी प्रशासन और लोगों के सहयोग से सभी पर्व शांतिपूर्ण तरीके से मनाए जाएंगे. उन्होंने कहा कि समिति के सभी सुझावों पर प्रशासन काम करेगा. उन्होंने लोगों से अपील की, कि त्योहारों के दौरान सोशल मीडिया पर कोई अफवाह या गलत जानकारी न फैलाएं. प्रशासन और पुलिस सोशल मीडिया पर नजर रखेगी और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
वहीं एसएसपी राकेश रंजन ने कहा कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे और प्रमुख जगहों पर पुलिस बल तैनात रहे.
यह भी पढ़ें: पलामू: राम नवमी व सरहुल पर्व को लेकर सदर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित

