बेरमो: उत्कल कराटे स्कूल झारखंड शाखा की ओर से रविवार को बोकारो थर्मल स्थित बोकारो क्लब में कराटे प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया. इस प्रशिक्षण शिविर में झारखंड के विभिन्न जिलों और क्षेत्रों से आई महिला प्रशिक्षकों ने भाग लिया. शिविर का उद्देश्य महिलाओं और युवतियों को आत्मरक्षा के आधुनिक तरीकों से प्रशिक्षित करना था.

विभिन्न जिलों से पहुंचीं महिला प्रशिक्षक
इस प्रशिक्षण शिविर में बेरमो, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग, गिरिडीह, रांची और कोडरमा सहित राज्य के कई जिलों से महिला प्रशिक्षक शामिल हुईं. प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को कराटे की उन्नत तकनीकों के साथ आत्मरक्षा के व्यावहारिक तरीकों की जानकारी दी गई.
असामाजिक तत्वों से बचाव के तरीके सिखाए गए
प्रशिक्षण के दूसरे चरण में विशेष रूप से यह बताया गया कि यदि कोई असामाजिक तत्व लड़कियों के साथ अभद्र व्यवहार करे या उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश करे, तो वे अपनी तथा आसपास मौजूद अन्य लोगों की रक्षा किस प्रकार कर सकती हैं. इस दौरान कई व्यावहारिक तकनीकों का प्रदर्शन भी कराया गया.
Also Read: बोकारो थर्मल ऐश पौंड से छाई उठाव बाधित, समझौते के बाद भी पूर्ण परिचालन शुरू नहीं
महिलाओं के लिए आत्मरक्षा जरूरी: सेंसाई महादेव गोप
शिविर को संबोधित करते हुए उत्कल कराटे स्कूल झारखंड के सेंसाई महादेव गोप ने कहा कि वर्तमान समय में आत्मरक्षा के लिए मार्शल आर्ट सीखना हर वर्ग की महिलाओं के लिए आवश्यक हो गया है. उन्होंने बताया कि पिछले दस वर्षों में उनकी संस्था से लगभग पंद्रह हजार से अधिक लड़कियां प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी हैं.
राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर बेटियों की उपलब्धि
उन्होंने बताया कि संस्था से प्रशिक्षण प्राप्त 300 से अधिक लड़कियों ने ऑल इंडिया ओपन नेशनल कराटे चैंपियनशिप में पदक जीते हैं. वहीं 500 से अधिक लड़कियां राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग ले चुकी हैं. इसके अतिरिक्त 200 से अधिक लड़कियां ब्लैक बेल्ट हासिल कर चुकी हैं.
स्वास्थ्य और स्वरोजगार का भी बन रहा माध्यम
सेंसाई महादेव गोप ने कहा कि कराटे केवल आत्मरक्षा का साधन ही नहीं, बल्कि बेहतर स्वास्थ्य और स्वरोजगार का भी माध्यम बन रहा है. इससे शारीरिक फिटनेस, मानसिक विकास, आत्मविश्वास और आत्मसम्मान में वृद्धि होती है. साथ ही प्रशिक्षित लड़कियों को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास भी किया जा रहा है.
प्रशिक्षण में कई प्रशिक्षक रहे उपस्थित
शिविर में मुख्य प्रशिक्षक के रूप में पायल कुमारी, जयश्री सेन, डोली कुमारी महतो, नेहा कुमारी, आकांक्षा कुमारी, पूजा प्रमाणिक, सोनिया कुमारी, मधु कुमारी और काजल कुमारी मौजूद थीं. इस अवसर पर सेंसाई नकुल कुमार यादव, सेंसाई विक्रम कुमार नायक, विक्रम प्रजापति, सचिव मुकेश कुमार, पप्पू कुमार प्रजापति और राजेश रविदास सहित कई लोग उपस्थित रहे.

