Ranchi: राजधानी रांची में पहली बार आयोजित हो रहे डूरंड कप 2026 को लेकर फुटबॉल प्रेमियों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. मैच देखने के लिए टिकट लेने वालों की भीड़ सुबह से ही टिकट काउंटरों पर उमड़ रही है. कई लोग घंटों लाइन में खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं. टिकट मिलना शुरू होते ही काउंटर पर भारी भीड़ जुट गई. बड़ी संख्या में लोग एक साथ पहुंचने के कारण टिकट तेजी से खत्म हो रहे हैं. कई फुटबॉल प्रशंसकों को टिकट नहीं मिलने से निराशा भी हाथ लगी. उनका कहना है कि मांग के मुकाबले टिकट कम होने के कारण काफी लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है.

खेल प्रेमी वर्ग बेहद उत्साहित
रांची में पहली बार डूरंड कप की मेजबानी मिलने से शहर का खेल प्रेमी वर्ग बेहद उत्साहित है. फुटबॉल के दीवानों में टूर्नामेंट को लेकर खासा जोश है और लोग अपने पसंदीदा मुकाबलों को स्टेडियम में बैठकर देखने के लिए पहले से ही टिकट लेने में जुटे हैं. बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम भी सज कर खिलाड़ियों के स्वागत को तैयार है. टिकट काउंटरों पर भीड़ को देखते हुए व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा कर्मियों की भी तैनाती की गई है. भीड़ के कारण कई बार लंबी कतारें लग रही हैं और टिकट खत्म होने के बाद लोगों में हल्की नाराजगी भी देखने को मिल रही है.
AlsoRead:रांची: चेन छिनतई गिरोह का खुलासा, दो गिरफ्तार, चोरी के वाहन और 19 ग्राम सोना बरामद
