Jamtara: नाला विधानसभा क्षेत्र के कुंडहित प्रखंड अंतर्गत खजूरी गांव निवासी भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता खिरोद सिंह के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. उनके निधन की खबर मिलते ही भाजपा के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता खजूरी स्थित उनके आवास पहुंचे और पार्थिव शरीर का अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की. जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह राजनगर स्वास्थ्य केंद्र में हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया. वे लगभग 60 वर्ष के थे.
पूर्व कृषि मंत्री सत्यानंद झा तथा नाला विधानसभा के पूर्व भाजपा प्रत्याशी माधव चंद्र महतो ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि खिरोद सिंह पार्टी के समर्पित, कर्मठ और निष्ठावान कार्यकर्ता थे. संगठन के प्रत्येक कार्यक्रम में वे पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ अपनी भूमिका निभाते थे. उनका मिलनसार व्यक्तित्व और समाज सेवा के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा.
भाजपा का ध्वज ओढ़ाकर एवं पुष्प अर्पित कर दी गई अंतिम श्रद्धांजलि
नेताओं ने उनके निधन को पार्टी एवं संगठन के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए दिवंगत के पार्थिव शरीर पर भाजपा का ध्वज ओढ़ाकर एवं पुष्प अर्पित कर अंतिम श्रद्धांजलि दी. साथ ही ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की. इस अवसर पर पूर्व कृषि मंत्री सत्यानंद झा, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी माधव चंद्र महतो, विष्णु मंडल, वरुण मंडल, कुंदन गोस्वामी, सजल दास, जीवन मंडल, दामोदर लायक, कार्तिक लौह, देवी प्रसाद बनर्जी, गया प्रसाद मंडल, मृत्युंजय मंडल, विश्वजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की.
ASLO READ : श्रावणी मेले से पहले बड़ी सौगात, 25 जुलाई से देवघर–दुमका फोरलेन हाईवे पर दौड़ेंगे वाहन
