Deoghar: श्रावणी मेले में बाबा बैद्यनाथ और बाबा बासुकीनाथ धाम आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है. लंबे समय से निर्माणाधीन देवघर–दुमका राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-114A) अब पूरी तरह तैयार हो गया है. 25 जुलाई से इस फोरलेन हाईवे पर सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा.
यातायात अधिक व्यवस्थित होने की उम्मीद
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अनुसार, सड़क शुरू होने के बाद देवघर से दुमका और बाबा बासुकीनाथ धाम तक का सफर पहले की तुलना में अधिक आसान, तेज और सुरक्षित हो जाएगा. इससे श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं को जाम और खराब सड़क जैसी समस्याओं से काफी राहत मिलने की उम्मीद है. यह परियोजना पिछले कई वर्षों से निर्माणाधीन थी. तकनीकी कारणों और बड़े पैमाने पर चल रहे निर्माण कार्य की वजह से इसे समय पर शुरू नहीं किया जा सका था. इस कारण स्थानीय लोगों के साथ-साथ हर साल आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था. फोरलेन सड़क बनने से यात्रा का समय कम होगा और सड़क सुरक्षा भी बेहतर होगी. इस मार्ग पर पहले कई सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें जान-माल का नुकसान भी हुआ था. नई सड़क बनने के बाद दुर्घटनाओं में कमी आने और यातायात अधिक व्यवस्थित होने की उम्मीद जताई जा रही है.
AlsoRead:JPSC कथित धांधली मामले में CID ने की कार्रवाई, चार और आरोपी गिरफ्तार
