गिरिडीह: पीरटांड़ में विशेष ड्राइविंग लाइसेंस शिविर सफल, 77 में 62 अभ्यर्थियों को मिला लर्निंग लाइसेंस

Giridih: गिरिडीह जिले में सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और आम नागरिकों को प्रखंड स्तर पर ही ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा उपलब्ध...

driving license camp
शिविर में लोगों की भीड़

Giridih: गिरिडीह जिले में सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और आम नागरिकों को प्रखंड स्तर पर ही ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के पीरटांड़ प्रखंड में शुक्रवार को विशेष ड्राइविंग लाइसेंस शिविर का आयोजन किया गया. राज्य सरकार के निर्देश और जिला प्रशासन की पहल पर आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया. कुल 77 आवेदकों ने लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदन किया, जिनमें से ऑनलाइन परीक्षा में सफल होने वाले 62 अभ्यर्थियों को नवशिखुवा चालक अनुज्ञप्ति (लर्निंग लाइसेंस) जारी किया गया.

सभी प्रखंडों में चरणबद्ध तरीके से शिविर का किया जा रहा संचालन 

यह विशेष अभियान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा के निर्देश तथा उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव के मार्गदर्शन में जिले के सभी प्रखंडों में चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जा रहा है. अभियान का उद्देश्य लोगों को जिला मुख्यालय के बजाय उनके प्रखंड स्तर पर ही ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा उपलब्ध कराना, सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा वैध लाइसेंस के साथ सुरक्षित वाहन संचालन को प्रोत्साहित करना है.

15 अभ्यर्थी परीक्षा में असफल

शिविर में लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदन करने वाले सभी अभ्यर्थियों की निर्धारित प्रक्रिया के तहत दस्तावेजों की जांच की गई और ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की गई. परीक्षा में 62 अभ्यर्थी सफल रहे, जिन्हें तत्काल लर्निंग लाइसेंस जारी कर दिया गया. वहीं 15 अभ्यर्थी परीक्षा में सफल नहीं हो सके. जिला परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि ऐसे अभ्यर्थियों को नियमानुसार दोबारा परीक्षा देने का अवसर मिलेगा.

जिलेवासियों से शिविर का लाभ उठाने की अपील

जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि सरकार की इस महत्वाकांक्षी पहल के तहत जिले के प्रत्येक प्रखंड में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण और दूर-दराज के क्षेत्रों के लोगों को लाइसेंस बनवाने के लिए अनावश्यक दौड़-भाग न करनी पड़े. इससे लोगों के समय और खर्च दोनों की बचत होगी तथा अधिक से अधिक वाहन चालक वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त कर सकेंगे. उन्होंने जिलेवासियों से अपील की, कि निर्धारित तिथियों पर अपने-अपने प्रखंडों में आयोजित विशेष शिविरों में आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं. साथ ही सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, वैध ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने तथा जिम्मेदारी और सावधानी के साथ वाहन चलाने की अपील की, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और जिले में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके.

यह भी पढ़ें: जामताड़ा: नशे के खिलाफ छिड़ी मुहिम, DC ने किया अभियान का आगाज

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *