Latehar: जिले के मणिका थाना क्षेत्र अंतर्गत डोंकी पंचायत के मुखिया भजेन्द्र उरांव को झूठी खबरें प्रकाशित करने की धमकी देकर रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. पीड़ित मुखिया की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए छानबीन शुरू कर दी है.
झूठी खबर दबाने के नाम पर मांगी गई रंगदारी
डोंकी पंचायत के 55 वर्षीय आदिवासी मुखिया भजेन्द्र उरांव (पिता- स्व. महेश्वर उरांव) ने मणिका थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर बताया कि क्षेत्र में एक दैनिक अखबार के पत्रकार बताने वाले तीन व्यक्ति डिम्पल राजा, दीपू राम और छोटू राजा लंबे समय से उन्हें परेशान कर रहे हैं. इनमें से एक बीजेपी से भी जुड़े हुए है. आवेदन के अनुसार, ये तीनों व्यक्ति पंचायत में संचालित विकास योजनाओं से जुड़ी झूठी और भ्रामक खबरें प्रकाशित कर मुखिया को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे. खबर मैनेज (दबाने) करने के नाम पर आरोपियों ने पहले भी मुखिया से दस हजार रुपये।वसूले थे, जो दीपू राम के घर के बगल में स्थित एक कपड़ा दुकान से शमशाद अंसारी के ‘फोन पे के माध्यम से लिए गए थे.
View this post on Instagram
एक लाख रुपये की अतिरिक्त मांग और जातिसूचक प्रताड़ना
मुखिया भजेन्द्र उरांव का आरोप है कि रंगदारी की पहली किस्त वसूलने के बाद भी आरोपियों का मन नहीं भरा. वे अब उनसे एक लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर रहे हैं. पैसे न देने पर आरोपियों द्वारा गांव में जाकर अनर्गल बातें फैलाने और उन्हें उरांव गंदा आदिवासी कहकर जातिसूचक शब्द बोलने व धमकियां देने का भी आरोप है. इस लगातार हो रहे भयादोहन और प्रताड़ना से तंग आकर मुखिया ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली है.
ALSO READ: चाईबासा बाजार में अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, देसी कट्टा व बाइक बरामद
