Ranchi : झारखंड में मानसून तो एक्टिव है पर राज्य के 22 जिलों में अब तक सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है. मौसम विभाग की ओर से जारी 1 जून से 25 जुलाई तक के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, झारखंड के अधिकांश जिलों में बादलों ने समय पर साथ नहीं दिया.आंकड़ों के मुताबिक, इस अवधि के दौरान पूरे झारखंड में सामान्य वर्षापात 444.3 मिलीमीटर होना चाहिए था, लेकिन वास्तव में केवल 323.4 मिलीमीटर ही बारिश दर्ज की गई है. इस प्रकार, पूरे राज्य में सामान्य से 27 फीसदी की कमी दर्ज की गई है.
चतरा और गढ़वा में अब भी स्थिति चिंताजनक
चतरा और गढ़वा जिलों में मानसून सबसे ज्यादा रूठा हुआ है. इन दोनों ही जिलों में सामान्य से 63 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है. चतरा में सामान्य वर्षा 400.2 मिलीमीटर के मुकाबले मात्र 149.2 मिलीमीटर और गढ़वा में 381.2 मिलीमीटर के मुकाबले सिर्फ 140.6 मिलीमीटर ही पानी बरसा है. इसके अलावा पाकुड़ में सामान्य से 59 फीसदी कम बारिश हुई है. कोडरमा में 51 फीसदी और देवघर में 54 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है.
सामान्य और संतोषजनक स्थिति वाले जिले
साहिबगंज में स्थिति सबसे अच्छी रही. जहां सामान्य वर्षा 538.6 मिलीमीटर के मुकाबले 499.4 मिलीमीटर बारिश हुई. यहां सिर्फ सात फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है. इसके अलावा सरायकेला-खरसावां में 3 फीसदी, सिमडेगा में 2 फीसदी,और पश्चिमी सिंहभूम में सिर्फ दो फीसदी बारिश कम दर्ज की गई है. राजधानी रांची में भी सामान्य 457 मिलीमीटर के मुकाबले 392.1 मिलीमीटर बारिश हुई है. अब भी रांची में 14 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है.
अन्य जिलों में बारिश की स्थिति एक नजर में
• बोकारो : 258.4 मिमी (कमी 34%)
• धनबाद : 374.7 मिमी (कमी17%)
• दुमका : 392.1 मिमी (कमी16%)
• पूर्वी सिंहभूम : 376.9 मिमी (कमी 20%)
• गिरिडीह : 246.4 मिमी (कमी 43%)
• गोड्डा : 217.8 मिमी (कमी 46%)
• गुमला : 338.2 मिमी (कमी 28%)
• हजारीबाग : 277.5 मिमी (कमी 39%)
• जामताड़ा : 362 मिमी (कमी 24%)
• खूंटी : 381 मिमी (कमी 20%)
• लातेहार : 312.8 मिमी (कमी 30%)
• लोहरदगा : 322.1 मिमी (कमी 27%)
• पलामू : 200 मिमी (कमी 41%)
• रामगढ़ : 280.6 मिमी (कमी 38%)
ALSO READ : श्रावणी मेले की तैयारियों का मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने लिया जायजा, बाबा बैद्यनाथ के दरबार में की पूजा
