Palamu: रम्यभूमि त्रिबल सैन्यपरिवार कल्याण फाउंडेशन का एक प्रतिनिधिमंडल पलामू के विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों से शिष्टाचार भेंट कर संगठन के उद्देश्यों और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की. मुख्य कार्यकारिणी समिति के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने पलामू के उपायुक्त, आरक्षी अधीक्षक, नगर आयुक्त, एनसीसी बटालियन, ईसीएचएस केंद्र और शहर थाना समेत कई अधिकारियों से मुलाकात की. इस दौरान कारगिल विजय उत्सव को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई, जिसमें सभी अधिकारियों ने पूर्ण सहयोग और समर्थन का भरोसा दिया. साथ ही, संगठन की ओर से पूर्व सैनिकों की समस्याओं से अवगत कराते हुए ज्ञापन सौंपा गया और अधिकारियों को पुष्पगुच्छ, शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट किए गए.
26 जुलाई को निकलेगी कारगिल विजय यात्रा
रम्यभूमि त्रिबल सैन्यपरिवार कल्याण फाउंडेशन पलामू प्रमंडल द्वारा 26 जुलाई को कारगिल विजय उत्सव मनाया जाएगा. कार्यक्रम की शुरुआत पोलपोल स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ होगी. इसके बाद रांची रोड, रेडमा में शहीदों के नाम पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसके पश्चात रेडमा स्थित चंद्रशेखर आजाद चौक से भव्य कारगिल विजय यात्रा निकाली जाएगी. यात्रा का मार्ग: चंद्रशेखर आजाद चौक (रेडमा) शहीद चौक (कचहरी) सुभाष चौक / (छ:मुहान) भगत सिंह चौक (हॉस्पिटल) भारत माता चौक (साहित्य समाज) से होते हुए सुदना ओवरब्रिज होते हुए बैरिया स्थित कारगिल विजय चौक तक होगा.
‘कारगिल विजय चौक’ घोषित करने की मांग
यात्रा के दौरान बैरिया चौक को शहीदों के त्याग और बलिदान के प्रतीक के रूप में ‘कारगिल विजय चौक’ घोषित करने की मांग को लेकर आम जनता और प्रशासन से शांतिपूर्वक अपील की जाएगी. सभी के सहयोग से बैरिया चौक पर प्रतीकात्मक रूप से कारगिल विजय चौक का निर्माण कर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे. अंत में ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष के साथ कार्यक्रम के समापन की घोषणा की जाएगी. इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष बैजनाथ तिवारी, संरक्षक राम जी तिवारी, मुख्य सचिव बिकास तिवारी, अनुशासन प्रभारी श्याम बिहारी तिवारी, कोषाध्यक्ष नवल किशोर पांडेय, कानूनी सलाहकार बहादुर प्रसाद गुप्ता, संगठन मंत्री शौकत अंसारी, पलामू जिला कोषाध्यक्ष जीतेन्द्र तिवारी और पलामू जिला उपाध्यक्ष पंकज तिवारी शामिल रहे.
AlsoRead:झारखंड के कोषागारों में बिना समायोजन के DC बिलों का अंबार, 46.45 करोड़ का डीसी बिल लंबित
