Koderma: 15 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर उप विकास आयुक्त रवि जैन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में समारोह को गरिमामय, सुव्यवस्थित एवं हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गईं.
तैयारियों की हुई विस्तृत समीक्षा
बैठक के दौरान मुख्य समारोह स्थल की साफ-सफाई, रंग-रोगन, मंच एवं पंडाल निर्माण, ध्वजारोहण की व्यवस्था, परेड, राष्ट्रगान, सांस्कृतिक कार्यक्रम, विद्युत एवं ध्वनि व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन सेवा, यातायात प्रबंधन तथा सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई. उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए.
अतिथियों के स्वागत और सम्मान पर विशेष जोर
बैठक में समारोह स्थल पर आगंतुकों के बैठने की समुचित व्यवस्था, विशिष्ट अतिथियों के स्वागत, स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों के सम्मान, देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तथा पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र वितरण को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई. उप विकास आयुक्त ने सभी विभागों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए समारोह को सफल बनाने का निर्देश दिया.
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अपर समाहर्ता संजय पीएम कूजूर, अनुमंडल पदाधिकारी निर्मल सोरेन, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, जिला आपूर्ति पदाधिकारी रामरतन वर्णवाल, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कनक कुमारी तिर्की, जिला सहकारिता पदाधिकारी रुमा झा , जिला नियोजन पदाधिकारी प्रकाश बैठा सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.
