Koderma: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद जिला कांग्रेस कमेटी, कोडरमा ने शनिवार को झुमरी तिलैया में विजय जुलूस निकाला. जुलूस जवाहर टॉकीज से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए झंडा चौक पहुंचा, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटकर छात्रों के संघर्ष की जीत का स्वागत किया.
छात्रों के संघर्ष को बताया जीत की वजह
सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश रजक ने कहा कि यह जीत देशभर के लाखों छात्र-छात्राओं के लोकतांत्रिक संघर्ष का परिणाम है. उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं से शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता प्रभावित हुई है तथा छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है.
पारदर्शी परीक्षा प्रणाली की मांग
प्रदेश सचिव मनोज सहाय उर्फ पिंकू ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है. कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि NEET समेत सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और भविष्य के लिए सुरक्षित व पारदर्शी परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित की जाए.
ये प्रमुख मांगें उठाई
कांग्रेस ने संसद में परीक्षा अनियमितताओं पर चर्चा, प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर दर्ज FIR वापस लेने, पेपर लीक मामलों की समयबद्ध जांच और परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग की. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
