Gumla: रायडीह थाना क्षेत्र के कोबीटोली गांव स्थित एक कुएं से शनिवार को 45 वर्षीय अधेड़ का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान डुमरी थाना क्षेत्र के खेतली बरटोली गांव निवासी जेम्स एक्का के रूप में हुई है. सूचना मिलने पर रायडीह पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया.
मृतक के परिजन जोसेफ एक्का ने बताया कि जेम्स एक्का पिछले रविवार को उनके घर आया था और दो-चार दिनों से वहीं रह रहा था. शुक्रवार सुबह वह घर की बकरियों को चराने के लिए जंगल की ओर गया था. शाम तक सभी बकरियां वापस लौट आईं, लेकिन जेम्स घर नहीं पहुंचा. इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की.
तलाश के दौरान कुएं में मिला शव
शनिवार को खोजबीन के दौरान कोबीटोली स्थित एक कुएं में उसका शव मिला. परिजनों ने आशंका जताई है कि जेम्स नशे की हालत में बकरी चराने के दौरान कुएं के पास फिसल गया होगा, जिससे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति स्पष्ट
घटना की सूचना मिलते ही रायडीह थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची. पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा.
ALSO READ: आयकर दिवस पर रांची के तीन अधिकारियों को ‘प्रिंसिपल चीफ कमिश्नर एक्सीलेंस अवॉर्ड 2026’
