Jamshedpur: जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), जमशेदपुर की ओर से 90 दिवसीय जागरूकता अभियान के तहत शनिवार को शहरी क्षेत्रों में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. डालसा के मोबाइल वैन के माध्यम से शहर के विभिन्न इलाकों में पहुंचकर लोगों को कानून से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं.
शहरी क्षेत्रों में चलाया गया जागरूकता अभियान
डालसा की मोबाइल वैन ने साकची गोलचक्कर, टेंपो स्टैंड, बंगाल क्लब, टिस्को गेट, करीम टॉकीज, ग्रेजुएट कॉलेज के आसपास सहित कई क्षेत्रों में अभियान चलाया. इस दौरान आम लोगों को उनके कानूनी अधिकारों और सरकारी सहायता की जानकारी दी गई.
लोगों को दी गई कानूनों की जानकारी
अभियान के दौरान डालसा के पीएलवी नागेंद्र कुमार, आशीष प्रजापति, संजय तिवारी, मनोज महतो और ग्लोरिया पूर्ति ने लोगों को डालसा के कार्य और उद्देश्य के बारे में बताया. उन्होंने घरेलू हिंसा, लोक अदालत में समझौते, मध्यस्थता के माध्यम से त्वरित न्याय प्राप्त करने की प्रक्रिया सहित कई महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी.
मौलिक अधिकार और सरकारी योजनाओं से कराया अवगत
कार्यक्रम में नागरिकों को मौलिक अधिकार और कर्तव्यों, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह, बाल श्रम, मानव तस्करी, नशा उन्मूलन तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया. लोगों को बताया गया कि किसी भी कानूनी समस्या के समाधान के लिए वे डालसा कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं.
कानूनी सहायता पहुंचाने का उद्देश्य
डालसा अधिकारियों ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम लोगों तक कानूनी जानकारी पहुंचाना और जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराना है. उन्होंने लोगों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की.
ALSO READ: आयकर दिवस पर रांची के तीन अधिकारियों को ‘प्रिंसिपल चीफ कमिश्नर एक्सीलेंस अवॉर्ड 2026’
