गिरिडीह: सलैया स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग ने पकड़ी रफ्तार, संघर्ष मोर्चा ने पूर्व रेलवे बोर्ड सदस्य राजकुमार राज से की मुलाकात

Giridih: गिरिडीह जिला के सलैया रेलवे स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव और क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर लंबे...

सलैया स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग
सलैया स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग

Giridih: गिरिडीह जिला के सलैया रेलवे स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव और क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर लंबे समय से चल रही मांग अब और तेज होती दिखाई दे रही है. इसी क्रम में शनिवार को सलैया संघर्ष मोर्चा के एक प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व रेलवे भर्ती बोर्ड सदस्य राजकुमार राज से उनके गिरिडीह स्थित आवासीय कार्यालय में मुलाकात कर क्षेत्र की लंबित रेल मांगों को विस्तार से रखा.

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि सलैया स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव नहीं होने के कारण गिरिडीह, पचंबा, सलैया और आसपास के हजारों यात्रियों को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. वर्तमान में यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए दूसरे स्टेशनों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त बर्बादी होती है. छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, मरीजों तथा श्रद्धालुओं को विशेष रूप से परेशानी झेलनी पड़ती है.

प्रमुख ट्रेनों के ठहराव और नई रेल सुविधाओं की उठी मांग

संघर्ष मोर्चा ने पूर्व रेलवे भर्ती बोर्ड सदस्य राजकुमार राज के समक्ष प्रमुख रूप से आसनसोल–हटिया इंटरसिटी एक्सप्रेस और गोड्डा–नई दिल्ली एक्सप्रेस का सलैया स्टेशन पर नियमित ठहराव सुनिश्चित कराने की मांग रखी. उनका कहना था कि इन दोनों ट्रेनों के ठहराव से बड़ी संख्या में यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र की रेल संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी.

इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने सियालदह–आसनसोल इंटरसिटी एक्सप्रेस का विस्तार गिरिडीह स्टेशन तक करने, कोडरमा–महेशमुंडा रेल सेवा को आगे बढ़ाने तथा श्रावणी मेले के दौरान गिरिडीह से बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए विशेष श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग भी प्रमुखता से रखी. प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि हर वर्ष लाखों श्रद्धालु देवघर जाते हैं, लेकिन सीधी रेल सुविधा उपलब्ध नहीं होने से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है.

राजकुमार राज ने रेल मंत्रालय तक मामला पहुंचाने का दिया भरोसा

मांगों को गंभीरता से सुनने के बाद राजकुमार राज ने मौके पर ही संबंधित रेलवे अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत कर मामले की जानकारी ली. उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़ी इन सभी मांगों को रेल मंत्रालय और रेल मंत्री के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा तथा इन पर सकारात्मक पहल कराने का प्रयास किया जाएगा.

राजकुमार राज ने कहा कि जब क्षेत्र में रेलवे लाइन का निर्माण हो चुका है तो उसका वास्तविक लाभ भी स्थानीय जनता तक पहुंचना चाहिए. उन्होंने कहा कि गिरिडीह तेजी से विकसित हो रहा जिला है और यहां यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है. ऐसे में रेल सेवाओं का विस्तार और प्रमुख ट्रेनों का ठहराव समय की मांग है. उन्होंने यह भी कहा कि जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को एकजुट होकर इन मांगों के समर्थन में आवाज उठानी चाहिए, ताकि रेलवे प्रशासन पर सकारात्मक दबाव बने और क्षेत्र को बेहतर रेल सुविधाएं मिल सकें.

सलैया संघर्ष मोर्चा ने उम्मीद जताई कि रेलवे मंत्रालय क्षेत्र की जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इन मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेगा. मोर्चा का कहना है कि यदि सलैया स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों का ठहराव शुरू होता है और लंबित रेल परियोजनाओं को गति मिलती है, तो इसका लाभ केवल सलैया ही नहीं बल्कि पूरे गिरिडीह जिले के लाखों लोगों को मिलेगा. प्रतिनिधिमंडल में गौतम सोनी, मिथलेश पांडे, सन्नी कुमार, रमेश कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे.

ALSO READ: रांची में मुफ्त इलाज का बड़ा तोहफा, 22 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर जल्द खुलेंगे

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *