Hazaribagh : जिले के पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना में कोयला परिवहन कार्य एक बार फिर अपराधियों के निशाने पर आ गया. शनिवार की देर रात करीब 11:00 बजे तेरह माईल से लगभग 200 मीटर आगे घात लगाए अज्ञात अपराधियों ने कोयला ढुलाई में लगे दो हाईवा वाहनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.

सात राउंड फायरिंग, लोहे की रॉड से किया हमला:
प्रत्यक्षदर्शी चालकों के अनुसार, तीन अपराधी पहले से मौके पर घात लगाए हुए थे. अपराधियों ने दोनों वाहनों पर करीब सात राउंड गोलियां चलाईं. इतना ही नहीं, उन्होंने लोहे की रॉड से हाईवा के शीशों पर भी हमला कर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया. गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
मौके पर मिला पर्चा:
घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी घटनास्थल पर एक पर्चा छोड़कर फरार हो गए। पर्चे पर “प्रिंस खान K.S.S.” लिखा हुआ था. पुलिस पर्चे को कब्जे में लेकर उसकी जांच कर रही है.
पहले भी हो चुका है हमला:
गौरतलब है कि यह इस वर्ष पकरी बरवाडीह परियोजना के कोयला परिवहन पर पहला हमला नहीं है. इससे पहले 22 अप्रैल 2026 को भी तेरह माईल के समीप दिनदहाड़े अपराधियों ने कोयला ढुलाई कर रहे एक हाईवा वाहन में आग लगा दी थी. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं.
परियोजना प्रबंधन ने की कड़ी निंदा:
घटना पर पकरी बरवाडीह परियोजना प्रबंधन ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इसकी निंदा की है. प्रबंधन ने कहा कि इस तरह की आपराधिक घटनाएं बेहद गंभीर और चिंताजनक हैं. साथ ही उम्मीद जताई कि पुलिस प्रशासन शीघ्र ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करेगा तथा उनके विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करेगा.
