Palamu: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) की महत्वपूर्ण प्रमंडलीय बैठक पलामू प्रमंडल के अध्यक्ष प्रभात सिंहा के जमुना निवास स्थित आवास पर आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता प्रमंडलीय अध्यक्ष प्रभात सिंहा ने की, जबकि मंच संचालन प्रमंडलीय प्रवक्ता आशुतोष तिवारी ने किया. बैठक में संगठन के विस्तार, आगामी रणनीति और वर्ष 2029 में राज्य में सरकार बनाने के लक्ष्य को लेकर विस्तृत चर्चा की गई.
केंद्रीय नेताओं ने संगठन मजबूत करने पर दिया जोर
बैठक में केंद्रीय उपाध्यक्ष आयशा सिंह, केंद्रीय उपाध्यक्ष अनिकेत नेता तथा केंद्रीय सचिव ओंकारनाथ जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. नेताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने पर बल देते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचकर संगठन की विचारधारा का प्रचार-प्रसार करें.
2029 के लक्ष्य को लेकर बनी रणनीति
बैठक के दौरान पार्टी सुप्रीमो ‘टाइगर’ जयराम महतो की विचारधारा और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया.नेताओं ने वर्ष 2029 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए राज्य में पार्टी की सरकार बनाने के संकल्प के साथ संगठनात्मक रणनीति पर मंथन किया.
बूथ स्तर तक संगठन विस्तार पर चर्चा
संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से प्रखंड कमेटियों के विस्तार, पंचायत कमेटियों के गठन तथा बूथ स्तर तक पार्टी की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया. नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को हर पंचायत और हर बूथ तक पहुंचाने का आह्वान किया.
