Simdega: ठेठईटांगर थाना क्षेत्र के ठेठईटांगर चौक, बोलाबा मोड़, पंडरीपानी और टुकुपानी के पास नेशनल हाईवे किनारे से रात के अंधेरे में मवेशियों की चोरी की घटनाएं सामने आने लगी हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि चोर पिकअप वाहन से आकर गाय और बैलों को उठाकर ले जा रहे हैं. मवेशियों के गायब होने के बाद पशु मालिकों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन अब तक कई जानवरों का कोई सुराग नहीं मिला है. ग्रामीणों के अनुसार टुकुपानी क्षेत्र से भी गायों की चोरी हुई है, जिसकी पुष्टि आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज से होने का दावा किया जा रहा है.
पशुपालक मवेशियों की तलाश में जुटे
ठेठईटांगर चौक, बोलाबा मोड़, टुकुपानी और पंडरीपानी के कई पशुपालक अपने मवेशियों की तलाश में जुटे हैं. एक स्थानीय महिला ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर बताया कि उनके दो बैल भी लापता हैं. काफी खोजबीन के बावजूद उनका अब तक कोई पता नहीं चल सका है. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले की जांच कर चोरों की जल्द गिरफ्तारी तथा रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है.
ALSO READ: रांची पुलिस ने मोबाइल टावर चोरी गिरोह का किया खुलासा, 4 गिरफ्तार और 33 कांडों का हुआ खुलासा
