Palamu: जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत पथरा पंचायत के पथरा गांव में रविवार को दोपहर का भोजन करने के बाद पंचायत के मुखिया नरेश पासवान समेत उनके परिवार के 15 सदस्यों की अचानक तबीयत बिगड़ गई. सभी को पेट दर्द, उल्टी और बेचैनी की शिकायत होने लगी. घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई, ग्रामीणों की मदद से सभी को तत्काल हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है.
चावल और सब्जी खाने के बाद शुरू हुई परेशानी
परिजनों के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 12 बजे सभी ने घर में बना चावल और सब्जी खाई थी. भोजन करने के कुछ ही देर बाद परिवार के सदस्यों को एक-एक कर पेट दर्द, उल्टी और घबराहट की शिकायत होने लगी. देखते ही देखते परिवार के कई लोग बीमार पड़ गए, जिसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया.
सूचना मिलने पर लौटे मुखिया, उनकी भी बिगड़ी तबीयत
घटना के समय पंचायत के मुखिया नरेश पासवान किसी कार्य से प्रखंड कार्यालय गए हुए थे. परिजनों ने उन्हें घटना की सूचना दी, जिसके बाद वह तुरंत घर लौटे. घर पहुंचने के कुछ समय बाद उनकी भी तबीयत खराब हो गई और उन्हें भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया.
ALSO READ: जामताड़ा: धनुकडीह मोड़ पर सड़क हादसा, कार-बाइक की टक्कर में तीन युवक घायल
फूड पॉइजनिंग की आशंका, जांच के बाद होगा खुलासा
प्राथमिक तौर पर चिकित्सक फूड पॉइजनिंग की आशंका जता रहे हैं. हालांकि, भोजन के नमूनों और अन्य आवश्यक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल अस्पताल प्रशासन के अनुसार सभी मरीजों की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं.
