Ranchi: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता बाबूलाल मरांडी द्वारा झारखंड पुलिस और उसके अधिकारियों के खिलाफ लगातार दी जा रही बयानबाजी पर झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने कड़ा रुख अपनाया है. एसोसिएशन ने मरांडी पर पुलिस बल की छवि धूमिल करने और अधिकारियों पर निराधार आरोप लगाने का गंभीर आरोप लगाया है. झारखंड पुलिस एसोसिएशन के प्रदेश संयुक्त सचिव-सह-कोषाध्यक्ष राकेश कुमार पाण्डेय ने एक प्रेस बयान जारी कर बाबूलाल मरांडी के हालिया रुख पर नाराजगी व्यक्त की है.
संवैधानिक पद पर बैठकर निराधार आरोप लगाना दुर्भाग्यपूर्ण
एसोसिएशन के केंद्रीय कार्यालय, रांची से जारी बयान में कहा गया है कि बाबूलाल मरांडी एक अत्यंत जिम्मेदार और संवैधानिक पद पर आसीन हैं. इसके बावजूद झारखंड पुलिस पर आए दिन तथ्यहीन आरोप लगाना उनकी दिनचर्या बन चुकी है. आए दिन किसी न किसी पुलिस अधिकारी का नाम लेकर निराधार बयानबाजी करना अब उनकी नियति बनती जा रही है. अगर उन्हें झारखंड पुलिस पर विश्वास ही नहीं रह गया है, तो बेहतर होगा कि वे किसी अन्य राज्य से पुलिस अधिकारियों को प्रतिनियुक्त कराने की मांग करें.
ADG के समर्थन में उतरा एसोसिएशन
झारखंड पुलिस के ADG के खिलाफ दिए गए बाबूलाल मरांडी के बयान पर एसोसिएशन ने कड़ा ऐतराज जताया है. एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि राज्य पुलिस अपने DGP के दिशा-निर्देशों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कर्तव्य निभा रही है. पुलिस हर प्रकार की आपराधिक, अनैतिक और अमर्यादित गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण पाने में पूरी तरह सफल रही है. ईमानदारी से काम कर रहे वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ ऐसे बयान पूरे झारखंड पुलिस बल के मनोबल को तोड़ने वाले हैं.
अनर्गल बयानबाजी की तीखी निंदा
झारखंड पुलिस एसोसिएशन और उसके सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से बाबूलाल मरांडी के बयानों का कड़े शब्दों में खंडन और तीव्र निंदा की है. एसोसिएशन का कहना है कि राजनीतिक स्वार्थ के लिए लगातार निष्ठावान अधिकारियों को निशाना बनाना और राज्य पुलिस की छवि को धूमिल करने की कोशिश करना पूरी तरह अनुचित है.
यह भी पढ़ें: पाकुड़: तालाब की जमीन को अतिक्रमणमुक्त कर मूल स्वरूप में किया जाएगा रिस्टोर, 28 जुलाई को चलेगा बुलडोजर
