Giridih : उत्तरी छोटानागपुर के प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता सोमवार को अपने निर्धारित दौरे पर गिरिडीह पहुंचे. उनके आगमन पर गिरिडीह परिसदन में जिला प्रशासन ने भव्य स्वागत किया. जानकारी के अनुसार, अपने प्रवास के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त जिला में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के क्रियान्वयन, प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा और कानून-व्यवस्था की जानकारी ले सकते है. इसके अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित होने की भी संभावना है. जिसमें योजनाओं के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया जाएगा.प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, प्रमंडलीय आयुक्त का यह दौरा जिले में विकास कार्यों में गति लाने, योजनाओं की प्रगति का मूल्यांकन करने और आम जनता को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
परिसदन के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
प्रमंडलीय आयुक्त के गिरिडीह दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने पहले से व्यापक तैयारियां की थी. परिसदन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था से लेकर अन्य प्रशासनिक इंतजामों को दुरुस्त रखा. अधिकारियों की लगातार सक्रियता के बीच आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई.
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, आईएएस प्रशिक्षु अधिकारी सहित जिले के कई वरीय प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहे.
