Ranchi: झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता, छात्रवृत्ति में देरी, बेरोजगारी और बदहाल शिक्षा व्यवस्था के विरोध में युवा आजसू और छात्र आजसू ने 30 जुलाई को रांची में लोकभवन मार्च का ऐलान किया है. संगठन का कहना है कि इस मार्च के जरिए सरकार के सामने युवाओं और छात्रों की समस्याओं को मजबूती से उठाया जाएगा.
25 साल बाद भी लाखों युवा रोजगार के लिए कर रहे संघर्ष
संगठन के अनुसार, राज्य गठन के 25 साल बाद भी लाखों युवा रोजगार और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के लिए संघर्ष कर रहे हैं. JSSC और JPSC की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियां, प्रश्नपत्र लीक, परीक्षा रद्द होना, परिणाम में देरी और नियुक्ति प्रक्रिया की धीमी रफ्तार से अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है.
बुनियादी सुविधाओं का अभाव भी शिक्षा व्यवस्था की बड़ी समस्या
युवा आजसू और छात्र आजसू ने आरोप लगाया कि छात्रवृत्ति समय पर नहीं मिलने से आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. वहीं स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में शिक्षकों की कमी, समय पर सत्र और परीक्षाएं नहीं होना तथा बुनियादी सुविधाओं का अभाव भी शिक्षा व्यवस्था की बड़ी समस्या है.
संगठन ने कहा कि सरकार को भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता लानी चाहिए, सभी लंबित नियुक्तियां जल्द पूरी करनी चाहिए, नियमित परीक्षा कैलेंडर जारी करना चाहिए, छात्रवृत्ति का समय पर भुगतान सुनिश्चित करना चाहिए और शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार करना चाहिए.
यह भी पढ़ें: सरायकेला: चांडिल अनुमंडलीय अस्पताल चालू करने की मांग, SUCI ने SDO को सौंपा ज्ञापन
