Ranchi: 14 से 30 अगस्त 2026 तक नीदरलैंड और बेल्जियम में होने वाले एफआईएच हॉकी महिला विश्व कप 2026 के लिए भारतीय महिला और पुरुष हॉकी टीमें आज बेंगलुरु से नीदरलैंड के लिए रवाना हो गईं. इस बार झारखंड के लिए गर्व की बात यह है कि भारतीय महिला टीम में झारखंड की चार खिलाड़ी शामिल हैं. भारतीय महिला टीम की कप्तानी सलीमा टेटे करेंगी. इसके साथ ही वह विश्व कप में भारत की कप्तानी करने वाली झारखंड की पहली महिला हॉकी खिलाड़ी बन गई हैं.
निक्की प्रधान ने रचा नया इतिहास
झारखंड की स्टार डिफेंडर निक्की प्रधान लगातार तीसरी बार हॉकी विश्व कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी. इससे पहले वह 2018 और 2022 के विश्व कप में भी भारतीय टीम का हिस्सा रह चुकी हैं. ऐसा करने वाली वह झारखंड की पहली और अब तक की एकमात्र महिला खिलाड़ी हैं.
यह भी पढ़ें: रांची में पहली बार होगा सखुआ महोत्सव-2026, अगस्त से शुरू होगा शहर को हराभरा बनाने का अभियान
झारखंड की इन चार खिलाड़ियों पर रहेंगी नजर
सलीमा टेटे– भारतीय महिला टीम की कप्तान.
निक्की प्रधान– लगातार तीसरी बार विश्व कप खेलेंगी.
ब्यूटी डुंगडुंग– पहली बार विश्व कप में भारतीय टीम का हिस्सा बनी हैं.
दीपिका सोरेंग– पहली बार विश्व कप में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी.
यह झारखंड के हॉकी इतिहास का पहला मौका है, जब एक साथ चार महिला खिलाड़ी विश्व कप में भारतीय टीम का हिस्सा बनी हैं.
हॉकी झारखंड ने दी शुभकामनाएं
हॉकी झारखंड की कोषाध्यक्ष और पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी असरिता लकड़ा ने भारतीय टीम और झारखंड की सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह राज्य के लिए बेहद गर्व का क्षण है. उन्होंने कहा कि एक साथ चार खिलाड़ियों का विश्व कप टीम में चयन झारखंड में हॉकी के लगातार बेहतर प्रदर्शन का परिणाम है.
