श्रावण में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर निगम तैयार, सफाई से लेकर पेयजल तक विशेष इंतजाम

Ranchi: 30 जुलाई से शुरू हो रहे श्रावण माह को लेकर रांची नगर निगम ने शहर के प्रमुख शिवालयों और पहाड़ी मंदिर...

श्रावण में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर निगम तैयार
श्रावण में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर निगम तैयार

Ranchi: 30 जुलाई से शुरू हो रहे श्रावण माह को लेकर रांची नगर निगम ने शहर के प्रमुख शिवालयों और पहाड़ी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं. लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, शौचालय और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को मजबूत किया गया है.

नगर निगम ने बताया कि पहाड़ी मंदिर में 100 सफाई मित्र, स्वर्णरेखा घाट पर 40 और शहर के विभिन्न मंदिरों के आसपास करीब 1200 सफाई कर्मियों की तैनाती की गई है. पूरे श्रावण माह में तीन पालियों में सफाई अभियान चलेगा. खासकर रविवार और सोमवार को अतिरिक्त टीमें तैनात रहेंगी.

सफाई, रोशनी और पेयजल की विशेष व्यवस्था

श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान बनाने के लिए पहाड़ी मंदिर और स्वर्णरेखा घाट के आसपास बारिश से बने गड्ढों को स्टोन डस्ट डालकर समतल किया गया है. वहीं किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को भी अलर्ट रखा गया है.

रात में श्रद्धालुओं को परेशानी न हो, इसके लिए नगर निगम ने 364 स्ट्रीट लाइट की जांच की और 189 खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराई है. पहाड़ी मंदिर, स्वर्णरेखा घाट, सुरेश्वर धाम और आसपास के प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त रोशनी की भी व्यवस्था की गई है.

पेयजल की व्यवस्था के तहत रविवार और सोमवार को पहाड़ी मंदिर मार्ग पर 6, स्वर्णरेखा घाट पर 4 और सुरेश्वर धाम, चुटिया में 4 वाटर टैंकर लगाए जाएंगे. साथ ही सभी सार्वजनिक शौचालयों और मॉड्यूलर टॉयलेट की नियमित सफाई और रखरखाव सुनिश्चित किया गया है.

प्लास्टिक मुक्त जोन रहेगा मंदिर क्षेत्र

बरसात के मौसम को देखते हुए पहाड़ी मंदिर मार्ग के आसपास करीब 40 पेड़ों की छंटाई भी कराई गई है, ताकि किसी तरह की दुर्घटना की आशंका न रहे. नगर निगम ने श्रावण माह के दौरान पहाड़ी मंदिर और प्रमुख शिवालयों के आसपास के क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त जोन घोषित किया है. श्रद्धालुओं और दुकानदारों से सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की गई है.

नगर आयुक्त ने कहा कि पूरे श्रावण माह के दौरान नगर निगम की सभी टीमें अलर्ट रहेंगी और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगातार निगरानी की जाएगी. किसी भी समस्या या शिकायत के लिए नागरिक रांची नगर निगम के टोल फ्री नंबर 1800-570-1235 पर संपर्क कर सकते हैं.

ALSO READ: चक्रधरपुर: 29 जुलाई से भाजपा का ‘श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’ शुरू

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *