Koderma : हजारीबाग से चोरी हुई कार को हजारीबाग के कटकमदाग पुलिस ने बीती रात तिलैया थाना क्षेत्र से बरामद किया. इसके साथ ही पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई. जानकारी के अनुसार, 23 जुलाई को हजारीबाग के कटकमदाग थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवपुरी मोहल्ले से एक कार चोरी हो गई थी. इस संबंध में वाहन मालिक केदार सिंह ने कटकमदाग थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. मामला दर्ज होने के बाद पुलिस चोरी की गई कार और आरोपी की तलाश में जुट गयी. इधर, कटकमदाग पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि चोरी की गई कार को लेकर आरोपी झुमरी तिलैया क्षेत्र में घूम रहा है. सूचना मिलते ही हजारीबाग पुलिस की टीम तिलैया पहुंची और तिलैया थाना पुलिस के सहयोग से झंडा चौक और नंदी बाबा चौक के आसपास वाहन की घेराबंदी की.
इचाक निवासी है आलोक कुमार सिन्हा
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चोरी की कार बरामद कर ली और कार चला रहे आरोपी इचाक निवासी आलोक कुमार सिन्हा को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के दौरान आरोपी पुलिस को धमकी दे रहा था कि वह पेशे से वकील है. पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर हजारीबाग ले गई. जहां उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कार चोरी की इस घटना में उसके साथ अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
