Lohardaga : DC संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय समिति की बैठक हुई. बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया. DC ने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ समय पर लोगों तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
बैठक में मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत लाभुकों के लिए पशुधन शेड निर्माण तेज करने, विद्युत प्रमंडल को लेबर सेस जमा करने और आवश्यक आंकड़े समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए. पथ निर्माण परियोजनाओं में अधिग्रहित भूमि के रैयतों को जल्द मुआवजा भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया.

पेंशन आधार मैपिंग एक सप्ताह में पूरी करने का निर्देश
शिक्षा विभाग की समीक्षा में जर्जर विद्यालय भवनों को ध्वस्त करने की प्रक्रिया तेज करने और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया. सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत पेंशन लाभुकों का डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट और आधार मैपिंग एक सप्ताह में पूरा करने का निर्देश दिया गया. DC ने सभी प्रखंड और अंचल कार्यालयों में नियमित जनता दरबार आयोजित कर स्थानीय स्तर पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान करने पर बल दिया. बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने समयबद्ध तरीके से योजनाएं पूरी करने का संकल्प लिया.
Also Read : गुमला: गुरु-शिष्य परंपरा के संरक्षण का संकल्प, समारोह में दिखा श्रद्धा और उल्लास का संगम
