Ranchi: रांची नगर निगम शहर को हराभरा बनाने के लिए पहली बार सखुआ महोत्सव-2026 का आयोजन करने जा रहा है. इस अभियान की शुरुआत 8 अगस्त से होगी. पहले चरण में पूरे शहर में 10 हजार सखुआ के पौधे लगाए जाएंगे.
चुटिया से होगी अभियान की शुरुआत
इस अभियान की तैयारियों को लेकर नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई. बैठक में पौधारोपण की जगह, वार्डवार योजना, पौधों की देखभाल और लोगों की भागीदारी पर चर्चा की गई.
नगर निगम के अनुसार, अभियान की शुरुआत चुटिया स्थित इक्कीसो महादेव मंदिर परिसर से होगी. इसके बाद अगस्त माह भर सभी वार्डों में सरकारी और निजी संस्थानों, स्कूल-कॉलेजों, पार्कों, सार्वजनिक स्थानों, सड़क किनारे और अन्य चिन्हित जगहों पर सखुआ के पौधे लगाए जाएंगे.
लोगों से अभियान में जुड़ने की अपील
नगर आयुक्त ने कहा कि सिर्फ पौधे लगाना ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल भी सुनिश्चित करनी होगी, ताकि वे बड़े पेड़ बन सकें. उन्होंने हर लगाए गए पौधे की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि सखुआ सिर्फ एक पेड़ नहीं, बल्कि झारखंड की संस्कृति और पहचान का प्रतीक है. यह पर्यावरण को बचाने, जलवायु संतुलन बनाए रखने और हरियाली बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता है.

नगर निगम ने लोगों से सखुआ के पत्तों से बने दोना और पत्तल का अधिक इस्तेमाल करने की भी अपील की है. निगम का कहना है कि इससे प्लास्टिक और थर्मोकोल का उपयोग कम होगा, कचरा घटेगा और पर्यावरण को नुकसान भी कम पहुंचेगा. इस अभियान में सामाजिक संगठन, स्कूल, कॉलेज, धार्मिक संस्थाएं, उद्योग और आम नागरिक भी भाग लेंगे. नगर आयुक्त ने लोगों से अपील की है कि वे एक सखुआ पौधा लगाएं, उसकी देखभाल करें और रांची को हरा-भरा बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं.
ALSO READ: झारखंड प्रशासनिक सेवा में बड़ा फेरबदल- 89 अधिकारियों का तबादला, कार्मिक विभाग ने जारी की अधिसूचना
