Simdega : थाना क्षेत्र के सरईपानी रावणखोता गांव में करैत सांप के डंसने से छह वर्षीय आदिम जनजाति (कोरवा) समाज के एक मासूम बच्चे की मौत हो गई. मृतक की पहचान सूरज कोरवा 6वर्ष, पिता मदन कोरवा, के रूप में हुई. मृतक की मां सुनीता कोरवाइन ने बताया कि सूरज बुधवार को स्कूल से लौटकर रात में भोजन करने के बाद सो गया था. गुरुवार को तड़के करीब 3 बजे उसने सीने में दर्द और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत की. कुछ देर बाद कमरे के अंदर करैत सांप दिखाई दिया.

इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम
परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरडेग लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सा प्रभारी डॉ. दिलीप बेहरा ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. बताया गया कि सूरज अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था. उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनय कुमार अस्पताल पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सिमडेगा भेज दिया. वहीं घटना की जानकारी मिलने पर कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रखंड अध्यक्ष जीशान खान, युवा कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष तौफीक अख्तर, वार्ड पार्षद अयूब अंसारी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता पीड़ित परिवार से मिले और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया.
Also Read : आयकर विभाग का बड़ा एक्शन: रामकृपाल कंस्ट्रक्शन के रांची और बेगूसराय ठिकानों पर सर्वे शुरू
