हजारीबाग: बड़कागांव मुठभेड़ के बाद बड़ी कार्रवाई, प्रिंस खान गैंग के दो शूटर गिरफ्तार, KSS कुबेर गिरोह के पांच सक्रिय अपराधी हथियारों के साथ दबोचे गए

Hazaribagh: बड़कागांव के 13 माइल ट्रांसपोर्टिंग रोड पर पुलिस और प्रिंस खान गैंग के बीच हुई मुठभेड़ के बाद हजारीबाग पुलिस ने...

बड़कागांव मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार अपराधियों के साथ बरामद हथियार
बड़कागांव मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार अपराधियों के साथ बरामद हथियार

Hazaribagh: बड़कागांव के 13 माइल ट्रांसपोर्टिंग रोड पर पुलिस और प्रिंस खान गैंग के बीच हुई मुठभेड़ के बाद हजारीबाग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंग से जुड़े अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने कुख्यात KSS कुबेर गिरोह के पांच सक्रिय अपराधियों को हथियारों के साथ दबोचा है. वहीं मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल एक अपराधी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार अपराधी गैंगस्टर प्रिंस खान के इशारे पर कोयला कारोबारियों से लेवी वसूलने और दहशत फैलाने का काम कर रहे थे.

गुप्त सूचना के आधार पर गठित हुई विशेष टीम

पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि लोहरसिंगा थाना क्षेत्र में प्रिंस खान का नेटवर्क लगातार सक्रिय है और नए-पुराने अपराधियों को गिरोह से जोड़ा जा रहा है. सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ बड़कागांव अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया.

जांच के दौरान पुलिस ने पहले गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को पकड़ा. पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पेलावल थाना क्षेत्र के आजाद नगर से अमन कुमार सिंह और निशानदेही पर मोहम्मद जोशान को गिरफ्तार किया गया. इनके पास से .303 बोर की 20 जिंदा गोलियां बरामद की गईं.

फायरिंग के बाद घायल अपराधी गिरफ्तार, हथियार बरामद

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गिरोह के सदस्य दुकानदारों और कोयला कारोबारियों से रंगदारी वसूलने के लिए हथियारों के साथ इलाके में घूमते थे. इसी सूचना पर पुलिस ने दुड़कापाठ कोयला क्षेत्र में छापेमारी की. पुलिस को देखकर अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि उसके अन्य साथी जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले. घायल अपराधी को गिरफ्तार कर इलाज के लिए भेजा गया.

घायल आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम सैयद मोहम्मद जोशान बताया. उसके पास से एक देसी पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए. उसने स्वीकार किया कि वह प्रिंस खान और KSS कुबेर गिरोह के लिए काम करता है और कोयला कारोबारियों से लेवी वसूलने के उद्देश्य से साथियों के साथ क्षेत्र में सक्रिय था.

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधियों ने गिरोह के कई अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की भी जानकारी दी है. फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि कोयला क्षेत्र में रंगदारी और अपराध पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा.

ALSO READ: पूर्व मंत्री रमेश सिंह मुंडा हत्याकांड में हुई सुनवाई, बहस के लिए अगली तारीख 14 अगस्त निर्धारित

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *