Ranchi: सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले के बाद झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर अब भाजपा को देश की जनता और उनके परिवार से माफी मांगनी चाहिए. राकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा ने वर्षों तक राजनीतिक लाभ के लिए डॉ. मनमोहन सिंह की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की. उनका दावा है कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले से यह स्पष्ट हो गया है कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप सही नहीं थे.
भाजपा को सार्वजनिक रूप से मांगनी चाहिए माफी
उन्होंने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह ने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी और सादगी के साथ काम किया. देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में उनके योगदान को दुनिया भर में सराहा गया है.कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनावी राजनीति के लिए डॉ. मनमोहन सिंह को निशाना बनाया. अब जबकि सुप्रीम कोर्ट का फैसला आ चुका है, भाजपा नेतृत्व को अपनी गलती स्वीकार करनी चाहिए और सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए.

कांग्रेस इस फैसले का करती है स्वागत : राकेश सिन्हा
राकेश सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस इस फैसले का स्वागत करती है. उनके अनुसार यह फैसला न्याय व्यवस्था और लोकतांत्रिक संस्थाओं में लोगों के विश्वास को मजबूत करने वाला है. उन्होंने यह भी कहा कि अब भाजपा को आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति छोड़कर महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और युवाओं के रोजगार जैसे मुद्दों पर जवाब देना चाहिए.
ALSO READ : रांचीः मासिक प्रशिक्षण में अधिकारियों ने कहा, अनुशासन का पाठ पढ़ाता है NCC
