Ranchi: रांची नगर निगम क्षेत्र में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए जल्द 22 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू किए जाएंगे. इसे लेकर गुरुवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई.
22 नए केंद्रों की तैयारी तेज
बैठक में बताया गया कि नगर निगम क्षेत्र में कुल 47 आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्वीकृत हैं. इनमें से 25 केंद्र पहले से संचालित हैं, जबकि 16 केंद्रों का काम तेजी से चल रहा है और छह नए केंद्रों का काम जल्द शुरू होगा. अधिकारियों ने बताया कि 24 नए भवन बनाए जाएंगे, जबकि 23 केंद्रों को पुराने भवनों की मरम्मत और नवीनीकरण के बाद शुरू किया जाएगा.
नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि जहां सामुदायिक भवन उपलब्ध हैं, वहां जरूरी मरम्मत और अन्य सुविधाएं पूरी कर जल्द से जल्द आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू किए जाएं. जिन वार्डों में भवन या जमीन नहीं है, वहां की सूची तैयार कर आगे की कार्रवाई करने को कहा गया. उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिन जगहों पर नए भवन बनने हैं, वहां दोबारा सर्वे कराया जाए, ताकि स्वास्थ्य केंद्र सही स्थान पर बनें और ज्यादा से ज्यादा लोगों को इसका लाभ मिल सके.

वार्ड-17 में बनेगा नया स्वास्थ्य केंद्र
बैठक में वार्ड संख्या-17 को लेकर भी अहम फैसला लिया गया. नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि नगर निगम की 19.3 डिसमिल जमीन पर चल रहे अवैध बूचड़खाने को हटाकर वहां अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर और वार्ड कार्यालय बनाया जाए. इससे लोगों को एक ही जगह स्वास्थ्य सेवाएं और नगर निगम की सुविधाएं मिल सकेंगी.
