Palamu: पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के बंधुआ गांव में घटित नाबालिग से छेड़खानी, गोलीबारी, चाकूबाजी मे एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नौ नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देशानुसार गठित छापामारी दल ने सम्भावित ठिकानों पर दबिश देकर यह सफलता हासिल की है.प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि घटना की मुख्य वजह एक नाबालिग बच्ची के साथ की गई छेड़खानी और अभद्र भाषा का प्रयोग थी. पीड़िता द्वारा अपने परिजनों से शिकायत करने पर जब परिजनों ने इसका विरोध जताया और आरोपियों से सवाल-जवाब किया, तो आरोपियों ने रंजिश और बदला लेने की नीयत से हथियारों से हमला कर दिया.

पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने घटना में अपनी संलिप्तता की स्वीकार
इस हिंसक झड़प में कुल तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनमें एक व्यक्ति को गोली लगी थी, जबकि एक महिला और एक अन्य पुरुष पर चाकू से वार किया गया था. इलाज के दौरान चाकू से गंभीर रूप से जख्मी पुरुष की मौत हो गई.घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद 19 अभियुक्तों में से मुख्य आरोपी समेत 9 लोगों को दबोच लिया. पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान इमरान मियां, सरातुल मियां, शहबाज मियां, तबरेज आलम, इसराफिल मियां, सोनू मियां, गोकुल मियां, शेरू मियां और पालु मियां (सभी निवासी बंधुआ, थाना चैनपुर, जिला पलामू) के रूप में हुई है. पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है.
अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार की जा रही छापामारी
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त खून लगा धारदार चाकू, 7.65 एमएम का एक खोखा, दो बेल्ट और ब्लड सैंपल बरामद किए हैं. गिरफ्तार अभियुक्तों पर बीएनएस की सुसंगत धाराओं, आर्म्स एक्ट और पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.पुलिस अधीक्षक का कहना है कि मामले में शामिल शेष अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है.
