Hazaribagh: फिल्मों का मशहूर संवाद “मूंछ हो तो नत्थूलाल जैसी, वरना न हो” आज भी लोगों की जुबान पर है. लेकिन टाटीझरिया प्रखंड के खंभवा गांव निवासी गौतम सिंह ने अपनी अनोखी और करीब दो फीट लंबी मूंछों के दम पर क्षेत्र ही नहीं, पूरे जिले में अलग पहचान बना ली है. उनकी घनी, लंबी और ऊपर की ओर तनी हुई मूंछें जहां भी वे जाते हैं, लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लेती हैं. गौतम सिंह जब भी किसी बाजार, सरकारी कार्यालय या सार्वजनिक कार्यक्रम में पहुंचते हैं, लोग उन्हें तुरंत पहचान लेते हैं. कई लोग उनके साथ तस्वीरें खिंचवाते हैं तो कई उनकी मूंछों की देखभाल का राज जानना चाहते हैं. गांव में बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक उन्हें उनकी मूंछों की वजह से पहचानते हैं.
रोजाना करते हैं विशेष देखभाल
गौतम सिंह बताते हैं कि इतनी लंबी मूंछों को संभालना आसान नहीं है. उन्हें रोजाना विशेष देखभाल करनी पड़ती है. मूंछों को मनचाहा आकार देने के लिए वे जेल और अन्य हेयर प्रोडक्ट का इस्तेमाल करते हैं. दिनभर मूंछों को कड़ा और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए जेल लगाते हैं, जबकि रात में जेल हटाकर मूंछों को खुला छोड़ देते हैं ताकि बालों को नुकसान न पहुंचे और उनकी प्राकृतिक चमक बनी रहे. इतनी लंबी मूंछों की देखभाल में समय के साथ खर्च भी आता है.
नियमित रूप से ग्रूमिंग, सफाई और हेयर प्रोडक्ट का उपयोग करना पड़ता है. उनका कहना है कि अच्छी देखभाल से ही मूंछों की खूबसूरती और मजबूती बनी रहती है. आगे वे बताते हैं कि शुरुआत में यह केवल उनका शौक था, लेकिन धीरे-धीरे यही उनकी पहचान बन गई. अब लोग उन्हें नाम से कम और उनकी शानदार मूंछों से ज्यादा पहचानते हैं. वे कहते हैं कि जहां भी जाता हूं, लोग मेरी मूंछों की तारीफ करते हैं. इससे मुझे गर्व और आत्मविश्वास मिलता है.

युवाओं के लिए भी बने आकर्षण
क्षेत्र के कई युवा भी गौतम सिंह की मूंछों से प्रभावित हैं. अक्सर लोग उनसे मूंछों की देखभाल और उन्हें बढ़ाने के तरीके पूछते हैं. उनका मानना है कि मूंछें केवल चेहरे की शोभा नहीं बढ़ातीं, बल्कि व्यक्तित्व को भी अलग पहचान देती हैं. आज गौतम सिंह की मूंछें केवल उनका शौक नहीं, बल्कि उनकी पहचान और सम्मान का प्रतीक बन चुकी हैं. भीड़ में भी उनका व्यक्तित्व सबसे अलग नजर आता है और लोग दूर से ही उन्हें पहचान लेते हैं. खंभवा गांव के इस अनोखे अंदाज ने उन्हें पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया है.
ALSO READ: चतरा : मन्नत कुमारी ने रचा इतिहास, वेस्ट बंगाल में 30 मीटर राइफल शूटिंग में जीते 4 गोल्ड मेडल
