चतरा : मन्नत कुमारी ने रचा इतिहास, वेस्ट बंगाल में 30 मीटर राइफल शूटिंग में जीते 4 गोल्ड मेडल

Chatra : जिले की मन्नत कुमारी ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत से पूरे राज्य का नाम रोशन किया है. पश्चिम बंगाल...

मन्नत कुमारी

Chatra : जिले की मन्नत कुमारी ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत से पूरे राज्य का नाम रोशन किया है. पश्चिम बंगाल के आसनसोल में आयोजित 30 मीटर राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में मन्नत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार 4 स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया. इस उपलब्धि के साथ मन्नत ने न सिर्फ चतरा, बल्कि पूरे झारखंड को गौरवान्वित किया है. मन्नत की इस उपलब्धि की खबर मिलते ही पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई. सोशल मीडिया पर भी उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है. स्थानीय लोगों का कहना है कि मन्नत की यह सफलता जिले की बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी और खेल के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ेगा.

चार अलग-अलग श्रेणियों में लहराया परचम

आसनसोल में आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के निशानेबाजों ने हिस्सा लिया था. कड़े मुकाबले के बीच मन्नत कुमारी ने अलग-अलग 4 श्रेणियों में सटीक निशानेबाजी करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किए. खेल विशेषज्ञों का मानना है कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने के बावजूद मन्नत ने यह साबित कर दिया है कि सही अवसर, निरंतर अभ्यास और अनुशासन से बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती है.

पिता बोले – मेहनत और अनुशासन की जीत

मन्नत, चतरा जिला परिषद के उपाध्यक्ष बृजकिशोर उर्फ बिरजू तिवारी की बेटी है. बेटी की सफलता पर खुशी जताते हुए पिता ने कहा कि मन्नत को बचपन से ही शूटिंग में रुचि थी. नियमित अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के दम पर उसने यह मुकाम हासिल किया है. परिवार हमेशा उसका मनोबल बढ़ाता रहा है और आगे भी राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए हर संभव सहयोग देंगे.

उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद

प्रतियोगिता के आयोजकों और खेल प्रेमियों ने मन्नत की इस उपलब्धि की सराहना की है. विशेषज्ञों का कहना है कि अगर उसे बेहतर प्रशिक्षण और अवसर मिलते रहे, तो भविष्य में वह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर सकती है.

 

ALSO READझारखंड : ग्रामीण कार्य विभाग की 3 प्रमुख सड़कें पथ निर्माण विभाग को हस्तांतरित, कैबिनेट से मिल चुकी है मंजूरी

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *