Chatra : जिला पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए इटखोरी थाना क्षेत्र से एक तस्कर को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. चतरा एसपी SP को मिली गुप्त सूचना के आधार पर डीएसपी DSP सुनील कुमार सिंह और इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम ने भुरकुंडा जंगल में दारीदाग मोड़ के पास छापेमारी की. इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने राजू कुशवाहा (24 वर्ष) नामक युवक को गिरफ्तार किया है. तलाशी में उसके पास से 5 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ.

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत डेढ़ लाख रूपये
थाना प्रभारी के अनुसार, जब्त की गई ब्राउन शुगर की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये है. गिरफ्तार आरोपी राजू इटखोरी के पितीज गांव का रहने वाला है और उसका पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है. पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में चतरा जेल भेज दिया है. आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है.
