palamu : हैदरनगर थाना क्षेत्र के सरगड़ा गांव में एक छोटी सी बात पर शुरू हुआ विवाद मातम में बदल गया. मां की मामूली डांट से क्षुब्ध होकर 18 वर्षीय युवती ने घर में रखा कीटनाशक गटक लिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मृतका की पहचान कमलेश रजवार की पुत्री पूनम कुमारी के रूप में की गई है. मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह पूनम अपने छोटे भाई को खाना परोस रही थी. इसी दौरान किसी बात को लेकर मां ने उसे फटकार लगा दी. मां की बात दिल पर लग जाने के कारण आहत पूनम ने आवेश में आकर यह आत्मघाती कदम उठा लिया.

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
जहर का असर होते ही युवती की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसे देख परिजन बदहवास हालत में उसे अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद ले गए. वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए तत्काल मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MMCH) रेफर कर दिया. हालांकि, चिकित्सकों के अथक प्रयासों के बावजूद इलाज के क्रम में उसने दम तोड़ दिया. घटना के बाद अस्पताल में तैनात पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर मामले की वैधानिक जांच शुरू कर दी है. इस हृदयविदारक घटना से जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में सन्नाटा और शोक की लहर व्याप्त है.
Also Read : ‘न्याय रथ’ के जरिए गांव-गांव पहुंचेगी कानूनी जानकारी, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने दिखाई हरी झंडी
