Jamshedpur : जिला के उलीडीह ओपी क्षेत्र में शनिवार सुबह चेन छिनतई की वारदात को अंजाम दिया गया. यह मामला शको साईं रोड नंबर 1 की है. जहां पर बेखौफ बदमाशों ने छिनतई की घटना को अंजाम दिया. महिला आशा रानी को निशाना बनाते हुए एक शातिर अपराधी उनके गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गया. छीनी गई सोने की चेन की कीमत करीब दो लाख रुपए बताई जा रही है. मिली जानकारी के अनुसार, आशा रानी रोज की तरह शनिवार सुबह भी घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थी. जब वह टहलकर वापस अपने घर लौट रही थी, तभी घर से कुछ ही दूरी पर पीछे से आए एक अज्ञात युवक ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन उड़ा ली. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पास की ही एक गली से होते हुए पैदल ही भाग निकला.

घर के बिल्कुल नजदीक हुई घटना
पीड़िता के बेटे सुमित ने बताया कि वारदात के वक्त उनकी मां घर के बिल्कुल नजदीक पहुंच गई थी. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी. मामले की जानकारी मिलते ही उलीडीह ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लगे सीसीटीवी CCTV कैमरों के फुटेज खंगालने में जुट गई है. पुलिस ने दावा किया है कि हुलिए के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
